मेरठ। पशु व्यापारी से एक लाख की हुई लूट का बुधवार को सरूरपुर पुलिस ने खुलासा कर दिया। दोनों आरोपी छात्र निकले।
एसएसपी राजेश कुमार पांडेय व एसपी देहात राजेश कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि एक जून को पशु व्यापारी ताहिर निवासी पांचली बुजुर्ग सरूरपुर से एक लाख की लूट हुई थी। वह गांव में इलाहाबाद बैंक से कैश निकालकर जा रहे थे। तभी दोनों आरोपियों विकास और गौरव निवासी सरूरपुर खुर्द ने ताहिर से कैश छीना था।
प्रेसवार्ता में आरोपियों ने बताया कि ताहिर बैंक के बाहर पैसे गिन रहा था, तभी उन्होंने उसे निशाना बनाया। दोनों आरोपी बीए के छात्र हैं। दोनों ने तमंचे खरीदे थे। वारदात के बाद बैंक के बाहर सीसीटीवी कैमरे में दोनों आरोपी कैद हुए थे। जिस पर सरूरपुर एसओ रविंद्र कांबोज और उनकी टीम आरोपियों तक पहुंची। आरोपियों से 92 हजार रुपये, दो तमंचे और एक बाइक बरामद की गई है।