साइड ना देने पर कार-बाइक सवार भिडे़, हंगामा
मेरठ। साइड न देने पर मंगलवार को कार व बाइक सवार युवकों में हंगामा हो गया। बाइक सवारों ने कार सवार युवकों का पीछा कर उन्हें रोक लिया। दोनों पक्षों में बीच सड़क पर जमकर मारपीट हो गई। जिससे हंगामा खड़ा हो गया।
घटना मंगलवार दोपहर करीब सवा चार बजे की है। फुटबाल चौक की तरफ से एक बाइक सवार तीन युवक तेजी से बागपत की ओर जा रहे थे। मलियाना पुल पर वाहन अधिक होने की वजह से थोड़ा जाम लगा था। युवक बाइक आगे निकालना चाहते थे। उन्होंने हॉर्न देकर कार को साइड देने को कहा लेकिन कार चालक ने ऐसा नहीं किया। इसी बात पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। कार सवार कार लेकर बागपत की ओर चला गया तो बाइक सवार युवकों ने उनका पीछा कर सीमेंट गोदाम के पास रुकवा लिया।
उन्होंने कार सवार दो युवकों को नीचे उतार लिया और मारपीट शुरू कर दी। हंगामा होने के दौरान अन्य लोगों ने बीच बचाव कर दोनों पक्षों को शांत किया। कार सवार युवक बागपत जिले के चांदीनगर क्षेत्र के बताए जा रहे थे। हालांकि पुलिस को मामले की जानकारी नहीं दी गई थी।
खास बातें:
बागपत रोड का मामला, बाइक सवार युवकों ने पीछा कर रुकवाई कार