मेरठ। सदर बाजार थाना क्षेत्र में मंगलवार को दूसरे समुदाय के युवकों ने ऑटो चालक से हफ्ता मांगा। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट कर धमकी दी। जिसके बाद दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आ गये और नारेबाजी कर दी। भाजपाइयों ने सदर थाने पहुंचकर हंगामा किया।
रजबन बाजार निवासी काले ऑटो चलाता है। आरोप है कि अरशद व वसीम ऑटो चलाने के नाम पर हफ्ता मांगते हैं। आरोपी कई दिन से एक-एक हजार रुपये देने का दबाव बना रहे थे। मंगलवार को जब काले ऑटो लेकर रजबन से चला तो आरोपी युवकों ने उससे कहा कि यदि पैसों का इंतजाम नहीं हुआ तो वह सोतीगंज से ऑटो नहीं निकलने देंगे। जिसके बाद आरोपियों ने बेगमपुल पर ऑटो स्टैंड के पास काले की पिटाई कर दी। अन्य ऑटो चालकों ने बचाने की कोशिश की तो उन्हें भी धमकी दी। मारपीट के बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और और हंगामा कर दिया। आरोपी धमकी देकर फरार हो गए।
सूचना पर भाजपा नेता दीपक शर्मा भी समर्थकों के साथ पहुंच गए और सदर थाने में हंगामा कर दिया। बाद में भाजपाई एएसपी कैंट के ऑफिस में पहुंचे और एएसपी से कहा कि क्या मेरठ में ऑटो चलाने के नाम पर हफ्ता वसूली की जाएगी। विरोध करने पर मारपीट करेंगे। एएसपी सतपाल सिंह ने कहा कि किसी ऑटो चालक ने वसूली को लेकर कोई शिकायत नहीं की। पुलिस जांच कर कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सदर बाजार में रिपोर्ट दर्ज कर ली। इस दौरान अनुज राजपूत, तुषार गुप्ता, चेतन, अंकित, सनी शर्मा, राजू आदि मौजूद रहे।