मेरठ। लिसाड़ी गेट स्थित नूरनगर हाल्ट पर सोमवार देर रात मुठभेड़ में तीन बदमाशों को गोली लगी। खास बात यह है कि तीनों के पैर में ही गोली लगी। इनमें एक बदमाश कुख्यात मुकीम काला का शार्प शूटर बताया गया।
एएसपी कैंट सतपाल सिंह के मुताबिक सूचना थी कि मुकीम गैंग का शूटर इरशाद काला निवासी रेलवे रोड अपने दो साथियों दानिश और उजैया निवासी श्यामनगर लिसाड़ी गेट के साथ कहीं लूट करने जा रहा है। जिस पर नूरनगर हाल्ट पर क्राइम ब्रांच और लिसाड़ी गेट पुलिस ने घेराबंदी कर ली। इस दौरान बाइक से आ रहे इन तीनों बदमाशों को रोकने की कोशिश की गई, तो तीनों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
जवाबी फायरिंग में पुलिस की पहली गोली इरशाद के पैर में लगी। उसके दोनों साथी फायरिंग करते हुए भागने लगे। पुलिस टीम ने उनको भी घेर लिया। गोलीबारी में दानिश और उजैया के भी पैर में ही पुलिस की गोली लगी। मुठभेड़ की सूचना पर एसएसपी और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे। घायल बदमाशों को मेडिकल अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने बदमाशों से एक तमंचा, एक पिस्टल और एक दर्जन से अधिक कारतूस बरामद होना बताया है।
गोली लगती रही बदमाश गिरते रहे
एसपी सिटी मानसिंह चौहान के मुताबिक गोली लगने और जमीन पर गिरने के बावजूद बदमाशोें ने फायरिंग करनी बंद नहीं की। बदमाशों के पास असलहे और कारतूस होने की सूचना वायरलेस से फ्लैश हुई तो आसपास के थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई।
सवाल! पैर में क्यों लगी गोली
इसे मौके के हालात कहें, इत्तफाक या कुछ और...। तीनों बदमाशों के पैर में ही गोली लगी। शरीर के अन्य किसी हिस्से पर खरोच तक नहीं आई। पुलिस का दावा है कि मुठभेड़ में 20 राउंड से ज्यादा गोलियां चलीं। लेकिन पुलिस का निशाना बदमाशों के पैर पर लगा। घटनाक्रम को लेकर भी पुलिस अलग-अलग बयान दे रही है। गोली कहां लगी, पुलिस ने इसे बताना भी उचित नहीं समझा।
10 हजार का इनामी इरशाद
सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ल के अनुसार शातिर इरशाद काला दस हजार का इनामी है। उस पर लूट, हत्या, रंगदारी के कई केस हैं। उजैया पर जानलेवा हमले समेत कई मुकदमे हैं, तो दानिश का रिकॉर्ड देखा जा रहा है।
- लिसाड़ी गेट में देर रात मुठभेड़, एक बदमाश मुकीम काला का शार्प शूटर बताया गया