मेरठ। राजनगर एक्सटेंशन के पास फ्लैट दिलाने के नाम पर एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर से नौ लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पैसे मांगने पर आरोपी पक्ष के लोगों ने जान से मारने की धमकी दी। मंगलवार को पीड़ित पक्ष के लोगों ने कार्रवाई की मांग को लेकर थाने में हंगामा कर दिया।
शास्त्रीनगर जी ब्लॉक निवासी अनुपम बंसल नोएडा में साफ्टवेयर इंजीनियर हैं। कुछ लोगों ने गाजियाबाद में राजनगर एक्सटेंशन के पास एक फ्लैट दिखाकर अनुपम बंसल से कहा कि 70 लाख रुपये का फ्लैट कम कीमत में ही मिल रहा है। इसके बाद आरोपियों ने सॉफ्टवेयर इंजीनियर से दो बार में नौ लाख रुपये ले लिए। उसके बाद आरोपियों ने स्टांप पेपर पर साइन कराते हुए कहा कि फ्लैट के लिए तीन लोगों का पैसा लगा है। तीनों के नाम ही फ्लैट खरीदा जायेगा। तीन अगस्त को नैनीताल से फ्लैट के मालिक को भी बुला लिया गया। कहा गया कि स्टांप तैयार कराकर रजिस्ट्री करानी है। कुछ देर बाद आरोपियों ने सूचना फैला दी कि होटल में रेड पड़ गई और आरोपी पैसा लेकर मौके से फरार हो गये। पीड़ित ने इसकी शिकायत एसएसपी से भी की थी। पैसा नहीं मिलने और आरोपियों की धमकी से परेशान होकर पीड़ित ने कुछ दिन पहले आत्महत्या की भी कोशिश की। मंगलवार को पीड़ित पक्ष के लोगों ने कार्रवाई को लेकर थाने में हंगामा कर दिया। बाद में पुलिस ने किसी तरह समझाकर मामला शांत कराया। सीओ सिविल लाइन चक्रपाणि त्रिपाठी का कहना है कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं है। तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। बताया जाता है कि पुलिस एक आरोपी को हिरासत में लेेकर इस संबंध में पूछताछ कर रही है।
- पीड़ित पक्ष के लोगों ने कार्रवाई की मांग को लेकर थाने में किया हंगामा
- पुलिस ने एक आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया