मेरठ। एक परिवार के 12 लोगों ने मंगलवार को एसएसपी ऑफिस पर आत्मदाह का प्रयास किया। खुद पर केरोसिन उड़ेलकर आग लगाने के लिए माचिस निकाली तो वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने केरोसिन और माचिस छीन ली। सभी को हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस के अनुसार भावनपुर के अब्दुल्लापुर गांव निवासी कमर अब्बास ने करीब 17 साल पूर्व गांव में 200 गज का प्लॉट खरीदा था। आरोप है कि हसीन समेत तीन लोगों ने उसका बैनामा करा लिया। जिसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद भावनपुर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। मंगलवार को कमर अब्बास, उसकी पत्नी, बेटे शबी अब्बास, सलीम अब्बास, पुत्रवधू फरीदा, सम्मी, सीरी समेत 12 लोग एसएसपी ऑफिस पहुंचे।
परिवार के सभी सदस्यों ने केरोसिन उड़ेलकर खुद को आग लगाने का प्रयास किया। एसएसपी ऑफिस पर तैनात पुलिसकर्मियों ने आनन फानन में उनसे माचिस छीन ली। बाद में पहुंची सिविल लाइन और महिला थाना पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया। एसएसपी मंजिल सैनी ने एसओ भावनपुर करतार सिंह से मामले की जानकारी लेकर निष्पक्ष जांच के बाद कार्रवाई के निर्देश दिए। बाद में पुलिस ने सभी को थाने से छोड़ दिया।