कंकरखेड़ा (मेरठ)।
मथुरा से शादी समारोह में शामिल होने आए एक व्यापारी से बदमाशों ने कार और नकदी लूट ली। बदमाश व्यापारी को बेहोश कर साथ ले गए थे। इसके बाद हाईवे पर फेंककर फरार हो गए।
मथुरा की चामुंडा कॉलोनी निवासी पवन कुमार पुत्र सत्यवीर सिंह व्यापारी हैं। कंकरखेड़ा निवासी भाजपा नेता ठाकुर चंद्रपाल के यहां शुक्रवार रात वह शादी समारोह में आए थे। वह परिवार को मंडप में छोड़कर कार पार्किंग में खड़ी करने जा रहे थे। इस बीच रास्ते में खिर्वा चौपले पर चार बदमाशों ने उनकी कार रुकवा ली और चाबी छीनने लगे। विरोध करने पर तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। इसके बाद व्यापारी को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया और उनका अपहरण करके ले गए। बाद में हाईवे स्थित एक स्कूल के पास हाथ पांव बांधकर जंगल में फेंक कर फरार हो गए। होश में आने के बाद व्यापारी ने पुलिस को सूचना दी। पीड़ित ने बताया कि बदमाश कार, नकदी और मोबाइल लूटकर ले गए। पीड़ित ने तहरीर दी है। इंस्पेक्टर का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।