मोदीपुरम । एक प्राईवेट कंपनी में काम कर रहे एक युवक ने कंपनी संचालक से वेतन की मांग की तो संचालक ने बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की। मामला बढ़ा तो कंपनी संचालक फरार हो गया। पीड़ित ने पल्लवपुरम थाने पर तहरीर दी है।
रुड़की रोड निवासी मंयक के मुताबिक वह मोदीपुरम स्थित स्काई नेट यूनिक कंपनी में काम करता है। मयंक का आरोप है कि कंपनी संचालक पल्लवपुरम फेज वन निवासी सुरेंद्र सिंह ने करीब चार महीने से उसका वेतन नहीं दिया। शनिवार को जब उसने सुरेंद्र से वेतन की मांग की तो उसने उसे बंधक बना लिया और उसके साथ मारपीट की। शोर-शराबा सुनकर लोग मौके पर पहुंचे तो कंपनी संचालक वहां से भाग गया।
कंपनी में काम कर रहे अंकित, वैभव, मोहनी, दिव्य, नीलम ने बताया कि कंपनी में करीब 14 युवक-युवतियां कार्यरत हैं। जिन्हें पिछले कई महीनों से वेतन नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि जब वे सुरेंद्र से वेतन की मांग करते हैं तो वह उन्हें धमकी देता है। मयंक ने मोदीपुरम चौकी में मामले की तहरीर दी है। इंस्पेक्टर पल्लवपुरम जनक सिंह चौहान का कहना है कि कंपनी पर सैलरी न देने और मारपीट के मामले में तहरीर मिली है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।