लिसाड़ीगेट में चोरी की बाइक कटती मिली
मेरठ। लिसाड़ीगेट क्षेत्र में यूपी 100 की गाड़ी पर तैनात पुलिस ने छापा मारकर एक मकान से एक दर्जन कटी हुई बाइक व इंजन बरामद किए हैं। आसपास के लोगों ने आरोप लगाया कि इस संबंध में कई बार पुलिस से शिकायत की गई थी, लेकिन पुलिस ने मामले को दबा दिया।
लिसाड़ीगेट के समर गार्डन निवासी नावेद ने कंट्रोल रूम को सूचना दी कि एक मकान में चोरी की बाइक काटी जा रही है। इस पर यूपी 100 की पीआरवी 548 पर तैनात एचसीपी सुखवीर सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से भाग निकले थे। इस बीच पुलिस ने मकान में जाकर देखा तो वहां कटी हुई बाइक पड़ी थी। पुलिस ने पांच बाइक, चार बाइक के इंजन और अन्य सामान बरामद किया है। आसपास के लोगों ने बताया कि रात में चोरी की बाइकों को लाया जाता है। उसके बाद बंद मकान में बाइकों को काटकर सोतीगंज और अन्य स्थानों पर बेचा जाता है। पुलिस को मौके से डेढ़ दर्जन से अधिक बाइकों की चाबी भी मिली हैं। पुलिस ने बताया कि बाइक काटने वाला मुख्य आरोपी शहजाद है। कंट्रोल रूम के एसएसआई शशि कुमार ने बताया कि मौके से मिली बाइक और इंजनों को चौकी की पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस पर मिलीभगत का आरोप
आसपास के लोगों ने पुलिस कर्मियों से कहा कि कई बार फैंटम पुलिस यहां पहुंची थी, लेकिन पुलिसकर्मी बाहर से ही मकान को देखकर चले गये। आसपास के लोगों का आरोप है कि चोरी की बाइकों के कटान में कुछ पुलिसकर्मी की भी मिली भगत हो सकती है।
बंद मकान में अवैध तरीके से बाइक कटने का मामला गंभीर है। पूरे मामले में इंस्पेक्टर लिसाड़ीगेट से जानकारी मांगी गई है। आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। यदि फैंटम पुलिस की भूमिका संदिग्ध है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। मानसिंह चौहान, एसपी सिटी
खास बात
यूपी 100 की पुलिस ने मारा छापा, एक दर्जन कटी हुई बाइक व इंजन बरामद