रईसजादों ने की थी ढाबे पर लूट, फायरिंग
मेरठ। परतापुर में बसपा नेता के रिश्तेदार के ढाबे पर लूटपाट और फायरिंग के मामले में पुलिस ने चार लोगों को पकड़ा है। इनमें से दो बीबीए के छात्र हैं, जबकि एक डबल मर्डर का आरोपी है। पुलिस ने आरोपियों से लूटी गई नकदी, लाइसेंसी पिस्टल और आई 20 कार बरामद की है। सभी आरोपियों की आर्थिक स्थिति काफी अच्छी है।
पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता कर एसएसपी मंजिल सैनी दहल ने बताया कि ढाबे पर हुई पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। फुटेज के आधार पर आसपास के कॉलेज आदि में पूछताछ के बाद चार हमलावरों की पहचान की गई। बृहस्पतिवार देर रात आरोपियों को रिठानी पीर तिराहे से आई-20 कार में जाते हुए गिरफ्तार कर लिया गया।
ये हैं पकड़े गए आरोपी
पिता हैं फाइनेंसर
मूल रूप से बुलंदशहर के गांव नवीद थाना बीबी नगर निवासी आकाश सिरोही (19) वर्तमान में शास्त्री नगर एल ब्लॉक में रहता है। पिता राजकुमार फाइनेंसर हैं। परिवार की आर्थिक स्थित अच्छी है। शहर के अच्छे कॉलेज से पढ़ाई की है। घटना में प्रयुक्त बरामद लाइसेंसी पिस्टल उसके पिता की है। पिस्टल बेल्जियम मेड है और करीब 10-15 लाख रुपये कीमत है। जिस गाड़ी में पकड़े गए वह भी उसी की है।
डबल मर्डर का है आरोपी
मूल निवासी बागपत जिले के पूठड़ गांव का निवासी हर्षित यादव (20) वेद व्यासपुरी में रहता है। उसने शहर के प्रतिष्ठित कॉलेज से बीबीए किया है। नौ अक्तूबर 2015 को सुभारती मेडिकल कॉलेज के सामने चाऊमीन की दुकान पर मोनू और राहुल की हत्या के मामले में हर्षित और उसका भाई आरोपी हैं। ये कुछ दिन पहले ही जमानत पर बाहर आया है।
स्कूल संचालक का है बेटा
परतापुर के भूड़बराल का निवासी अनुभव शर्मा (20) के पिता देवदत्त शर्मा का गांव में स्कूल है। शहर के एक कॉलेज से बीबीए किया है। आरोपी अनुभव खाना खाकर रुपये ना देना, छात्रों और गांव वालों पर रौब गालिब करता है। गांव में मारपीट की घटनाओं में भी नाम आया था।
दोस्तों के साथ करता है दबंगई
टीपी नगर के न्यू किशनपुरा निवासी हिमांशु शर्मा (22) के पिता महेश शर्मा का शादी विवाह के रिश्ते कराने का काम है। वर्तमान में शहर के एक अच्छे कॉलेज से बीबीए कर रहा है। हर्षित, आकाश और अनुभव आदि के साथ रहकर दबंगई करता है।
पहचान छिपाने की कोशिश भी की
इंस्पेक्टर दीपक शर्मा ने बताया कि वारदात के कुछ समय बाद ही उन्हें पता चल गया था कि ये लोग ढाबे के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। उन्होंने बचने के लिए अपना हुलिया बदलने की कोशिश की। घटना के दौरान हिमांशु की दाढ़ी बढ़ी हुई थी, लेकिन उसने दाढ़ी कटवा ली। वह अनुभव को भी ऐसा करने की सलाह दे रहा था।
फुटेज में पांच, पकड़े गए चार
सीसीटीवी फुटेज में वारदात के वक्त पांच लोग नजर आ रहे हैं, लेकिन पुलिस ने चार के खिलाफ ही मामला दर्ज किया। इस संबंध में इंस्पेक्टर का कहना है कि एक युवक पर संदेह है कि वह लुटेरों के साथ था या नहीं। उसकी जांच की जा रही है।
खास बात
परतापुर में बसपा नेता के रिश्तेदार के ढाबे पर हुई लूट का खुलासा, चार गिरफ्तार, दो बीबीए छात्र