-पति की हत्या से भड़की पत्नी ने पुलिस कस्टडी में किया हमला
मेरठ।
ग्रीन विलेज कॉलोनी में प्रेमिका और उसकी मां को देखते ही नीरज की पत्नी बबली भड़क गई। बबली और उसकी साथ आई महिलाओं ने पुलिस कस्टडी से छीनकर मां-बेटी को पीटा। उन्हें बाल पकड़कर जमीन पर गिरा लिया। करीब दो घंटे तक ड्रामा चला। जैसे तैसे पुलिस ने मां बेटी को थाने पहुंचाया।
प्रॉपर्टी डीलर नीरज की हत्या की जानकारी होते ही पत्नी बबली अपनी सास और कई महिलाओं समेत ग्रीन विलेज पहुंची। पति का शव देखकर बबली का गुस्सा फूट पड़ा। इसके बाद वह रिया के सातवीं मंजिल स्थित फ्लैट पर पहुंच गई। बबली ने रिया व उसकी मां कमलेश से गाली गलौज शुरू की। सास बहू ने मां-बेटी के साथ फ्लैट में ही मारपीट शुरू कर दी। प्रेमिका के बाल खींचकर नीचे गिरा लिया और कहा कि अब सब्र आ गया। मेरा सुहाग मिटा दिया। बबली ने कहा कि रिया बता तुझे कितनी दौलत चाहिए। आरोप लगाया कि तेरे चक्कर में नीरज ने लाखों की संपत्ति लुटा दी। ये घटनाक्रम पुलिस के सामने हुआ। मामला तूल पकड़ने लगा तो पुलिस ने सास बहू को फ्लैट से नीचे उतारा और मां-बेटी को अंदर बंद कर लिया। बाद में पुलिस मां-बेटी को थाने ले जाने लगी, तब भी सास बहू ने उनको गाड़ी से खींचने का प्रयास किया।