मवाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है किशोरी
गांव का दूसरी बिरादरी का युवक एक साल से कर रहा था किशोरी को परेशान
हरिद्वार में पुलिस ने बरामद की किशोरी, आरोपी शादी के लिए डाल रहा था दबाव
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। मवाना क्षेत्र की 15 वर्षीय किशोरी से अगवा कर हरिद्वार के होटल में दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। मामला अलग-अलग बिरादरी का है। आरोप है कि पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता परिवार के साथ मंगलवार को एसएसपी ऑफिस पहुंची। एसएसपी नितिन तिवारी ने एसपी देहात को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मवाना थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी अनुसूचित परिवार की 15 वर्षीय किशोरी का आरोप है कि गांव का रहने वाला एक युवक करीब एक साल से उसे परेशान करता था। रास्ते में आने-जाने के दौरान आरोपी उससे छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करता था। कई बार विरोध किया तो आरोपी धमकी देता। 10 मई को पीड़िता घर से निकली थी। आरोप है कि आरोपी युवक ने किशोरी का अपहरण कर लिया। धमकी दी कि मैंने किशोरी के भाई की हत्या के लिए सुपारी दी है। जिसके बाद आरोपी किशोरी को हरिद्वार लेकर पहुंचा। आरोप है कि युवक ने होटल में ले जाकर नशीला पदार्थ देकर किशोरी से दुष्कर्म किया। आरोपी ने उसकी वीडियो क्लिप भी बना ली। युवक शादी करने का दबाव बना रहा था। इस बीच हरिद्वार पुलिस ने किशोरी को बरामद करते हुए आरोपी को पकड़ लिया।
किशोरी के पिता दिव्यांग हैं। आरोप है कि युवक के पिता ने धमकी देते हुए कहा कि पुलिस से शिकायत की तो अंजाम ठीक नहीं होगा। पुलिस अफसरों के सामने आपबीती सुनाते हुए पीड़ित परिवार बिलख पड़ा। किशोरी ने कहा कि आरोपी ने अपहरण के बाद किशोरी के भाई की हत्या करने की सुपारी लेकर शादी का दबाव भी बनाया। अपहरण के बाद पहले आरोपी ने सुनसान स्थान पर दुष्कर्म किया बाद में हरिद्वार में होटल में उसके साथ दुष्कर्म किया। एसपी देहात अविनाश पांडेय का कहना है कि पूरे मामले में जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।