बुलंदशहर के ध्यानार्थ
सोमवार आधी रात स्कॉर्पियो से जा रहे थे पूर्व विधायक मुकेश पंडित
गाड़ी पर लगे थे पुलिस के स्टीकर और शीशों पर थी कलर फिल्म
एसपी देहात ने मौके पर ही उतरवाई कलर फिल्म, सुरक्षा में तैनात कमांडो को भी फटकार
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। बुलंदशहर के पूर्व विधायक मुकेश शर्मा सोमवार आधी रात चेकिंग के दौरान एसपी देहात से भिड़ गए। एसपी देहात ने पुलिस के स्टीकर लगी उनकी स्कॉर्पियो को जब रोका तो चालक ने विरोध जताया। एसपी देहात ने कहा कि गाड़ी के शीशों पर कलर फिल्म चढ़ी है। यह सुप्रीम कोर्ट के आदेश का उल्लंघन है। गाड़ी से उतरे पूर्व विधायक ने कहा कि वह सपा के पूर्व विधायक और बसपा में भी नेता रहे हैं।
एसपी देहात अविनाश पांडेय सोमवार रात करीब ढाई बजे खरखौदा थाने से आ रहे थे। इस बीच बिजली बंबा पुलिस चौकी के पास तेज रफ्तार स्कार्पियो वहां से निकली तो एसपी देहात ने पुलिस को गाड़ी की चेकिंग के निर्देश दिए। इस दौरान बिजली बंबा बाईपास तिराहे के समीप चेकिंग कर रही पुलिस ने स्कॉर्पियो को रोक लिया।
एसपी देहात ने गाड़ी के चालक से पूछा कि गाड़ी के पीछे के शीशे और एक साइड के शीशे पर कलर फिल्म क्यों लगी है। इस पर चालक ने कहा कि उसके पिता दिल्ली पुलिस में सब इंस्पेक्टर हैं। गाड़ी उन्हीं के नाम है। इस दौरान गाड़ी से पूूर्व विधायक मुकेश पंडित और उनकी सुरक्षा में तैनात सीआरपीएफ के दो सिपाही भी उतरे। पूर्व विधायक ने कहा कि गाड़ी दिल्ली पुलिस के सब इंस्पेक्टर की है, उन्हीं के नाम है। जांच में गाड़ी दिल्ली पुलिस के सब इंस्पेक्टर के नाम ही मिली। एसपी देहात ने कहा कि स्कार्पियो पर आगे और पीछे की तरफ पुलिस लिखा हुआ है, जो गलत है।
इस दौरान पूर्व विधायक मुकेश शर्मा ने कहा कि वह शिकारपुर से सपा विधायक रहे हैं और पूर्व विधायक गुड्डू पंडित के भाई हैं। उन्हें वाई श्रेणी की सुरक्षा मिली है। सुरक्षा के तहत ही सीआरपीएफ के दो गनर गाड़ी में हैं। इस पर एसपी देहात ने सुरक्षा कर्मियों को भी फटकार लगाई कि आप सरकारी कर्मचारी हैं तो गाड़ी में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी नहीं हो सकती। इस दौरान तीखी नोकझोंक के बाद एसपी देहात ने कलर फिल्म उतरवाते हुए पुलिस लिखे स्टीकर भी हटवा दिए। बाद में पूर्व विधायक बुलंदशहर चले गए।