अमर उजाला ब्यूरो
सरधना। मेरठ-करनाल हाईवे पर ग्राम दबथुवा-नानू के बीच बृहस्पतिवार देर रात कार सवार बदमाशों ने दूसरी कार को ओवरटेक करके लूटपाट की। यह परिवार शादी से सरधना लौट रहा था। उधर, लूट की जानकारी पाकर दौड़ी पुलिस ने बदमाशों की तलाश की परंतु सफलता नहीं मिल सकी है।
कस्बे के मोहल्ला कमरानवाबान निवासी हाजी इदरीश अपने परिवार के साथ मुरादनगर रिश्तेदारी में गया था। वह बीती रात पत्नी सायरा, पुत्र जुनैद व पुत्री महजबी, दामाद अफ्फान एवं उसकी बहन मुस्कान के साथ कार में सवार होकर मेरठ-करनाल हाईवे से कस्बा लौट रहा था। कार अफ्फान चला रहा था। कार दबथुवा-नानू पुल के बीच पहुंची तो पीछे से तेज गति से आई सफेद रंग की कार सवार में बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक करके रोक लिया। कार से उतरे चार बदमाशों ने कार पर हमला बोलकर उन्हें आतंकित किया। इदरीश से करीब 38 हजार रुपये और महिलाओं से सोने-चांदी के जेवरात लूट लिये। इसके बाद बदमाश उन्हें आतंकित कर कार की चाबी झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए। लूट की जानकारी पाकर यूपी 100 के साथ कोतवाली पुलिस भी पहुंची और बदमाशों की तलाश की परंतु सफलता नहीं मिल सकी। पुलिस ने इदरीश की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों का पता लगाया जा रहा है।
मुख्य बातें
38 हजार रुपये, सोने-चांदी के जेवरात लूटकर ले जाने का आरोप
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू की