आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नंगलाराठी के ग्रामीणों ने घेरी सकौती चौकी
मामला बिगडते देख दौराला पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी को गिरफ्तार करने का दिया आश्वासन
फोटो समाचार-----
अमर उजाला ब्यूरो
दौराला।
तीन दिन पूर्व मडौरा-नंगलाराठी मार्ग पर देर रात अंग्रेजी शराब की दुकान के सेल्समैन मोनू की संदिग्ध हालत में हुई मौत के मामले का खुलासा नहीं हुआ है। इस मामले में मृतक के परिजनों ने मोनी के ही साथ काम करने वाले दूसरे सेल्समैन पर हत्या का शक जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। लेकिन अभी तक भी पुलिस ने मोनू को हिरासत में नहीं लिया है। जिससे नाराज नंगलाराठी के ग्रामीणों ने सोमवार को सकौती पुलिस चौकी का घेराव कर जमकर हंगामा किया। मामला बिगड़ता देख पुलिस ने 24 घंटे के भीतर संदिग्ध आरोपी को गिरफ्तार करने का वादा किया। जिसके बाद ग्रामीण वापस लौटे।
नंगलाराठी गांव निवासी मोनू पुत्र सबेदार मोदीपुरम में अंग्रेजी शराब के ठेके पर सेल्समैन की नौकरी करता था। शुक्रवार को देर रात मोनू बाइक से मडौरा-नंगलाराठी मार्ग से होता हुआ गांव लौट रहा था। देर रात वह परिजनों को मार्ग पर घायल अवस्था में पड़ा मिला था। एसडीएस ग्लोबल अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने मृतक मोनू के साथ काम करने वाले चांदसमन निवासी सेल्समैन कपिल पर पुराने विवाद को लेकर मोनू की हत्या करने का शक जाहिर करते हुए दौराला थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी न होने से गुस्साए ग्रामीणों ने सोमवार को सकौती चौकी का घेराव कर हंगामा कर दिया। मामला बिगड़ते देख चौकी इंचार्ज इंद्रपाल सिंह ने आरोपी कपिल को 24 घंटे में गिरफतार करने का आश्वासन दिया। तब जाकर ग्रामीण शांत हुंए। इस मामले में एसएसआई दौराला धारा सिंह का कहना है कि मृतक के परिजनो की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी। पूरे मामले की जांच की जा रही है।