खरखौदा। हापुड़ रोड पर बिजली बंबा पुलिस चौकी के सामने स्थित पेट्रोल पंप पर ईंधन डलवाने के बाद सेल्समैन द्वारा रुपये मांगने पर कार सवार युवकों ने मारपीट एवं तोड़फोड़ कर दी। आरोपी युवक भाजपा नेता के रिश्तेदार हैं। वहीं, पंप स्वामी ने राजनीतिक पहुंच के चलते डिप्टी सीएम एवं प्रमुख सचिव से शिकायत कर मारपीट, तोड़फोड़ एवं लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हापुड़ रोड पर बिजली बंबा पुलिस चौकी स्थित मेरठ के शास्त्रीनगर निवासी ज्ञानेंद्र चौधरी के एनर्जी पेट्रोल पंप पर उसका भतीजा शानू पहल देखभाल करता है। शानू के अनुसार शुक्रवार शाम एक सफेद रंग की क्रेटा कार पंप पर पहुंची। कार सवार काजीपुर निवासी सोनू गुर्जर, जोनी गुर्जर, सचिन गुर्जर, अंकुर गुर्जर ने कार की टंकी फुल कराने के लिए कहा। जहां पंप पर मौजूद सेल्समैन हरीश सैनी ने कार की टंकी में 25 लीटर डीजल डालकर उसकी एवज में 1830 रुपये मांगे। कार सवार युवकों ने ईंधन के रुपये देने से इनकार कर दिया। बाद में सेल्समैन एवं कार सवार युवकों में मारपीट हो गई। जिसमें कार सवारों ने पहले सेल्समैन को पीटा तथा बाद में बीच बचाव कराने आये शानू पहल के साथ भी मारपीट की। बाद में आरोपियों ने लाठी-डंडों व रॉड से पंप पर तोड़फोड़ की। पीड़ित ने सभी पर लूटपाट का भी आरोप लगाया है। आरोपी पक्ष भाजपा नेता के रिश्तेदार बताए जा रहे थे। जिस कारण पुलिस ने भी दोनों पक्षों को पहले समझौता कराने का प्रयास किया लेकिन पंप स्वामी की भी राजनीतिक पकड़ होने के चलते डिप्टी सीएम व प्रमुख सचिव ने हस्तक्षेप किया। इस मामले में दोनों के आदेश पर शुक्रवार को मामला दर्ज कराया है।
वर्जन
अधिकारियों के आदेश के बाद शुक्रवार को पंप स्वामी की ओर से मामला दर्ज कराया गया है। -राजेंद्र त्यागी, इंस्पेक्टर खरखौदा
मुख्य बातें
कार सवार युवकों ने ईंधन भरवाने के बाद रुपये मांगने पर की थी मारपीट
पंप मालिक की राजनीतिक पहुंच के चलते पुलिस हरकत में आई