मवाना। संयुक्त व्यापारी एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल नगर में चोरी, लूट तथा मारपीट की बढ़ती घटनाओं के संबंध में थाना प्रभारी से मिला तथा रोष जताते हुए तत्काल अंकुश लगाए जाने की मांग की। थाना प्रभारी ने कम पुलिस फोर्स का हवाला देते हुए गश्त बढ़ाने तथा सकारात्मक रूप से कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल ने शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आला अधिकारियों से मिलकर स्थिति से अवगत कराने की चेतावनी दी।
नगर में व्यापारियों के साथ बढ़ती लूट, मारपीट एवं चोरी की घटनाओं में पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं करने पर संयुक्त व्यापारी एसोसिएशन मवाना, व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं सदस्य थाना प्रभारी मनीष बिष्ट से मिले और रोष जताया। व्यापारियों ने कहा कि असामाजिक तत्व बाजार में आकर माहौल खराब करते हैं और व्यापारी को मारपीट कर आतंकित करने की कोशिश करते हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की मांग की। बाजारों में गश्त तथा स्कूल कॉलेज की छुट्टी के समय गश्त बढ़ाने की मांग की।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष शैवाल दुबलिश ने थाना प्रभारी को बताया कि अंदर बाजार में गल्ला छीनना, गल्ले में चोरी, बाइक चोरी, बाइक सवार असामाजिक तत्वों द्वारा प्रेशर हार्न बजाकर, शोर मचाकर आंतक पैदा करना, शहीद चंद्रभान प्रदर्शनी में छेड़छाड़ की घटनाओं पर कार्रवाई नहीं होना, रिलायंस पेट्रोल पंप पर लूट, सरेआम गोली चलाकर आतंक पैदा करना, गोल मार्केट में खाने-पीने का सामान बेचने वालों से पैसा मांगने पर मारपीट करना असहनीय वादातें हैं। यदि इन घटनाओं पर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की, तो मजबूरन व्यापार मंडल को आला अधिकारियों से शिकायत करनी पडे़गी। थाना प्रभारी मनीष बिष्ट ने सभी घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करने का अश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में नदीम, राजवीर चौधरी, राजेश खन्ना, इमरान इलाही, दिलशाद, दीपक गुप्ता, शहजाद, राजू गिरधरवाल, असजद, रिहान, इकबाल सिंकदर, मोहम्मद अकरम, दीपक बजाज, सोनू सूर्या, मांगेराम मित्तल, इरशाद सैफी, शिवकुमार सैनी, वीरसैन चौहान, नौशाद कुरैशी, संजय रस्तोगी, गौरव रस्तोगी आदि उपस्थित रहे।
मुख्य बातें
व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने थाना प्रभारी से मिलकर नाराजगी जताई
असामाजिक तत्वों पर अंकुश नहीं लगाए जाने पर उच्चाधिकारियों से शिकायत करने की चेतावनी दी