सरधना। नगर निवासी एक युवक शुक्रवार दोपहर में मोहल्ले के ही किशोर के साथ बाइक पर सवार होकर नानू गंगनहर पुल पर पहुंचा। उसने कुछ देर पुल के निकट खडे़ होकर कांवड़ियों को देखा। इसके बाद बाइक अपने साथी किशोर को थमा दी और उससे यह कहकर चल दिया कि वह मरने जा रहा है। उसने देखते ही देखते गंगनहर में छलांग लगा दी। इसी बीच किशोर ने शोर मचाया तो राहगीरों ने उसकी तलाश की। हालांकि उसका पता नहीं चल सका है।
मोहल्ला सराय अफगनान निवासी 22 वर्षीय अथहर पुत्र इरशाद जुमे की नमाज के बाद मोहल्ले के ही किशोर आरिफ पुत्र सरफराज के साथ बाइक पर सवार होकर नानू गंगनहर पुल पर पहुंचा। उसने पुल पर खडे़ होकर कुछ देर कांवड़ियों को देखा और नानू गांव की तरफ बाइक लेकर चला। उसने बाइक आरिफ को दे दी और कहा कि वह मरने जा रहा है। इतना सुनते ही आरिफ ने शोर मचा दिया। लोग उधर दौडे़। वहीं, अथहर ने गंगनहर में छलांग लगा दी। गंगनहर में उसकी तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। हालांकि युवक को डूबते किसी ने नहीं देखा, जबकि पुल पर भारी पुलिस फोर्स तैनात थी। फिलहाल पुलिस एवं परिजन गंगनहर में डूबे युवक की तलाश में जुटे हैं। हालांकि थाने में तहरीर नहीं दी गई। चर्चा यह भी है कि वह कहीं फरार हो गया है।