मवाना। नगर क्षेत्र निवासी एक किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में दो महीने बाद भी आरोपी युवकों की गिरफ्तारी नहीं होने पर पीड़ित बृहस्पतिवार को पिता के साथ थाने पहुंची। उसने कार्रवाई की मांग की।
बताते चलें कि लगभग दो माह पहले एक किशोरी को नगर का ही युवक बहला-फुसलाकर ले गया था। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन सुराग नहीं लगा। जिस पर परिजनों ने तीन युवकों को नामजद करते हुए बहला-फुसलाकर ले जाने का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने किशोरी को नोएडा से बरामद किया था। इस मामले में किशोरी ने युवकों पर बहला फुसलाकर ले जाने एवं दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। दो माह बाद भी आरोपी युवकों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। जिस पर बृहस्पतिवार को किशोरी अपने पिता के साथ थाने पहुंची और कार्रवाई की मांग की। किशोरी ने बताया कि आरोपी खुले घूम रहे हैं। वे मुकदमा वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। एसएसआई भरतलाल शाह ने बताया कि विवेचना करने वाले एसआई का तबादला हो गया है। जिस कारण कार्रवाई नहीं हो सकी। दूसरे एसआई को जांच दे दी गई है। जल्द कार्रवाई होगी।