किठौर। लोदीपुर-फतेहपुर संपर्क मार्ग पर रविवार रात दुकान बंद कर घर जा रहे खाद एवं कीटनाशक विक्रेता से हथियारबंद बदमाशों ने मारपीट कर 40 हजार रुपये लूट लिये तथा कर फरार हो गए। किसी तरह घटना की जानकारी पीड़ित ने पुलिस को दी। सूचना पाकर गढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। उसने घटनास्थल किठौर क्षेत्र का बताकर घायल को नानपुर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उसकी हालत चिंताजनक बताई।
ग्राम लोदीपुर छपका निवासी सुरेंद्रनाथ पुत्र भोड़िया ने बताया कि उसका पुत्र किशन ग्राम फतेहपुर में खाद एवं कीटनाशक की दुकान करता है। वह रविवार रात करीब आठ बजे दुकान बंद कर बाइक से फतेहपुर संपर्क मार्ग से होते हुए गांव लोदीपुर छपका लौट रहा था। फतेहपुर गांव से निकलते ही रजवाहे के समीप हथियारबंद बदमाशों ने तमंचे के बल पर बाइक रुकवा ली। उससे मारपीट कर चालीस हजार रुपये और दो मोबाइल लूटकर फरार हो गए। उसने किसी तरह घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर गढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को नानपुर स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद मामला किठौर थाना क्षेत्र का बताकर लौट गई। वहीं, घायल की हालत गंभीर देखते हुए मेरठ के आनंद अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस बाबत पीड़ित के पिता ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ किठौर थाने में तहरीर दी है। थाना प्रभारी प्रमोद गौतम का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।