फर्जी आय प्रमाण से दाखिले के प्रयास, मामला दर्ज
- शिक्षा के अधिकार के तहत सेक्टर-135 के स्कूल में दाखिले का किया था प्रयास
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। फर्जी आय प्रमाण पत्र बनाकर (आरटीई) शिक्षा के अधिकार के तहत निजी स्कूल में दाखिले का प्रयास करने पर एक अभिभावक पर थाना एक्सप्रेसवे में मामला दर्ज कराया गया है। खंड शिक्षा अधिकारी बिसरख की ओर से तथ्यों को छुपाने और झूठे कागजात प्रस्तुत करने में छपरौली के अभिभावक सुनील कुमार चौहार पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खंड शिक्षा अधिकारी वेद प्रकाश गुप्ता ने बताया कि छपरौली निवासी सुनील कुमार चौहान ने शिक्षा के अधिकार नियम के तहत यहीं छपरौली में स्थित स्कूल ग्रेट कोलंबस में अपने बच्चे को पढ़ाने के लिए आवेदन किया था। आवेदन में नियमों के अनुसार अभिभावक की एक लाख रुपये से अधिक की आय नहीं होनी चाहिए। सुनील ने 90 हजार रुपये का इनकम सर्टिफिकेट आवेदन के साथ प्रस्तुत किया था। पिछले वर्षों में शिक्षा के अधिकार के तहत एडमिशन कराने में झूठे कागजातों को प्रस्तुत करने के मामले सामने आने के बाद इस वर्ष शिक्षा विभाग ने कई अन्य विभागों से इसकी जांच कराई। इसी के तहत जानकारी मिली कि सुनील ने पिछले तीन वर्षों से इनकम टैक्स सर्टिफिकेट में लगभग तीन लाख रुपये प्रति वर्ष का रिटर्न फाइल किया है।
शिक्षा विभाग के पास झूठे कागजातों से एडमिशन के प्रयास का मामला आने पर जिलाधिकारी की ओर से निर्देश दिए गए। बेसिक शिक्षा अधिकारी बाल मुकुंद प्रसाद ने मामले में खंड शिक्षा अधिकारी बिसरख को निर्देशित किया और खंड शिक्षा अधिकारी ने मामले में अभिभावक के खिलाफ थाना एक्सप्रेसवे में रिपोर्ट दर्ज कराई है।