मवाना। मोहल्ला तिहाई निवासी हाजी तहजीब आलम ने सीएम को भेजे पत्र में एक सभासद पर पालिका से अपने पुत्र के दो अलग-अलग नाम से जन्म प्रमाण-पत्र बनवाने का आरोप लगाया है। उसने उक्त मामले की जांच कराकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।
मोहल्ला तिहाई निवासी हाजी तहजीब आलम पुत्र हाजी सईद अहमद ने सीएम को भेजे पत्र में कहा कि नगर पालिका के एक सभासद ने अपने पुत्र के दो अलग अलग नाम से जन्म प्रमाण-पत्र बनवा रखे हैं। उसके द्वारा दो अलग-अलग पासपोर्ट भी बनवाए गए हैं। दोनों पासपोर्ट में जन्म तिथि एवं नाम अलग-अलग दर्शाएं हैं। एक पासपोर्ट में हाईस्कूल की नकली मार्कशीट एवं सनद लगा रखी है। उक्त पासपोर्ट से सभासद का पुत्र खाड़ी देशों में यात्रा करता है। पत्र में सभासद पुत्र पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की जांच कराए जाने की मांग की है। शिकायतकर्ता ने आरोपी के तहेरे भाई के साथ भी कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को देखे जाने का आरोप लगाया है। इस मामले की जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ थाने मेें रिपोर्ट दर्ज कराने तथा कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। वहीं, नगर पालिका चेयरमैन अयूब कालिया का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। इसकी जांच कराई जाएगी।
मारपीट करके घायल किया
मवाना। गांव बहोडूपुर निवासी सालिम पुत्र शौकत ने बताया कि दो दिन पूर्व मदरसे के हिसाब-किताब को लेकर गांव के ही एक व्यक्ति से उसकी कहासुनी हो गई थी। उस समय कुछ लोगों ने बीच बचाव करा दिया था। रविवार को आरोपी अपने चार साथियों के साथ उसके घर में घुस आया तथा लाठी-डंडों से मारपीट करके घायल कर दिया। वहीं, जान से मारने की धमकी देने की भी धमकी दी है। पीड़ित ने इस बाबत थाने में तहरीर दी है।