सिपाही और उसकी पत्नी तथा परिजनों का बृहस्पतिवार को सुभाष चौक पर घंटों हंगामा चला। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर डंडे आदि से हमला किया। घंटों बाद पहुंची पुलिस ने सिपाही समेत दोनों पक्षों से पांच लोगों को हिरासत में लिया है। सिपाही ने ससुराल वालों पर मारपीट कर अपहरण के प्रयास का आरोप लगाया है। वहीं, सिपाही की पत्नी ने उस पर दूसरा निकाह करने तथा युवकों को बुलाकर हमला कराने का आरोप लगाया। सिपाही लखनऊ में कोतवाली हजरतगंज में तैनात है।
सुभाष चौक पर दोपहर में एक महिला और युवक में सरेबाजार मारपीट होती देख भीड़ एकत्र हो गई। बाद में पता स्पष्ट हुआ कि दोनों पति-पत्नी हैं। युवक पुलिस में सिपाही है। दोनों पक्षों में डंडे भी चले। यह ड्रामा लगभग एक घंटा तक चलता रहा। सिपाही गांव खेड़की जदीद निवासी सलीम पुत्र साबिर लखनऊ में कोतवाली हजरतगंज में तैनात है। उसका निकाह 2013 में छतनौरा बाबूगढ़ निवासी शाइस्ता से हुआ था। शाइस्ता ने बताया कि सलीम ने ढाई साल पहले उसे छोड़ दिया था। यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है। शाइस्ता को पता चला कि सलीम बृहस्पतिवार दोपहर में निकाह करने वाला है। जिस पर वह अपने पिता, भाई तथा अन्य परिजनों के साथ मवाना पहुंच गई। उन्होंने यहां सलीम से बातचीत करनी चाही।
आरोप है कि सलीम ने फोन करके 10-12 युवकों को बुला लिया। उन्होंने आते ही शाइस्ता और उसके परिजनों पर डंडे आदि से हमला बोल दिया। आसपास के लोगों ने फोन पर पुलिस को सूचना दी। इसके करीब एक घंटे बाद पुलिस पहुंची और सिपाही सलीम, उसके भाई वसीम तथा शाइस्ता उसके भाई इरशाद, दिलशाद, इस्तियाक को हिरासत में ले लिया। शाइस्ता का भाई दिलशाद नाक पर चोट लगने से घायल हो गया। सिपाही सलीम का कहना है कि वह निकाह नहीं कर रहा है। बुधवार को उसकी बहन की शादी हुई है। आज रिश्तेदार आ रहे हैं। इसलिए वह उनके लिए सामान खरीदने आया था। शाइस्ता के पिता मुस्ताक ने सलीम समेत चार को नामजद तथा अन्य के खिलाफ दहेज उत्पीड़न तथा घर से निकाल देने का आरोप लगाया। आज जानकारी हुई थी सलीम निकाह कर रहा है। जिस पर वे मवाना आए तो आरोपी ने अपने साथियों के साथ उन पर हमला कर दिया। उधर, एसएसआई करतार सिंह का कहना है कि मामले जांच की जा रही है।
चौक पर नहीं थी पुलिस पिकेट
सुभाष चौक पर प्रत्येक दिन पुलिस पिकेट तैनात रहती है परंतु आज नहीं थी। वहीं, सूचना के घंटाभर बाद पुलिस मौके पर पहुंची। सिपाही सलीम पर उस समय पब्लिक का गुस्सा फूटा, जब शाइस्ता ने या कि उसको छोडकर वह आज दूसरी से निकाह करने वाला है। जिसके बाद भीड ने सलीम को पकडकर पीटना शुरु कर दिया। उसी दौरान पुलिस पहुंची तथा सलीम को भीड से बचाया।
मुख्य बातें
लखनऊ की कोतवाली हजरत गंज में तैनात है सिपाही
ढाई वर्ष पहले पत्नी को छोड़ दिया था, मामला कोर्ट में विचाराधीन
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मारपीट, दहेज उत्पीड़न और अपहरण के प्रयास की तहरीर दी