मेरठ। भावनपुर क्षेत्र में पशुओं से भरे कैंटर को लेकर शनिवार को बखेड़ा हो गया। आरोपी चालक ने महंत पर कैंटर चढ़ाने की कोशिश की। पुलिस और अन्य लोगों ने कैंटर को घेराबंदी कर पकड़ लिया। गुस्सायी भीड़ ने आरोपी चालक की पिटाई करते हुए कैंटर में तोड़फोड़ के बाद आगजनी की कोशिश की। पुलिस ने किसी तरह महंत और अन्य लोगों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार भावनपुर थाने के सामने गांवड़ी निवासी महंत धर्मपाल नाथ गोरखपुर मठ के जिला अध्यक्ष हैं। वह शनिवार रात अपने आश्रम में थे। उन्होंने बताया कि रात करीब 12:30 बजे एक कैंटर गांवड़ी से दतावली होते हुए गढ़ रोड की तरफ जा रहा था। कैंटर में पशुओं को भूसे की तरह भरा हुआ था। महंत की नजर पड़ी तो वह अपने साथी साधकों के साथ सफारी गाड़ी से उसका पीछा करने लगे। गांव दतावली में पहुंचते ही कैंटर को रोकने के लिए ओवरटेक करने का प्रयास किया तो कैंटर चालक ने महंत की गाड़ी में साइड मार दी। जिससे गाड़ी पलटने से बची।
महंत और अन्य साधकों ने शोर मचाया तो ग्रामीण जाग गए। पशुओं से भरे कैंटर को घेराबंदी के बाद पकड़ लिया गया। ग्रामीणों की भीड़ ने कैंटर में आग लगाने का प्रयास किया। वहीं, पशुओं का मालिक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक शमीम निवासी जाकिर कॉलोनी को गिरफ्तार कर कैंटर कब्जे में ले लिया। एसओ भावनपुर करतार सिंह के अनुसार पूछताछ में चालक ने बताया कि वह नसीरपुर बाईपास मुजफ्फरनगर में पशु पैंठ से भैंस खरीदकर हापुड़ रोड मेरठ स्थित कमेले में जा रहा था। चालक शमीम और भैंस मालिक सलीम निवासी इंचौली के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
महंत ने लगाया सुपुर्दगी में हेराफेरी का आरोप
रविवार को महंत बाबा धर्मपाल नाथ साधकों के साथ थाना भावनपुर पहुंचे और दरोगा के सामने आरोप लगाया कि बरामद पशुओं को सलीम की सुपुर्दगी में दे दिया गया, जबकि वह मुकदमे में नामजद है। उन्होंने सपुर्दगी में हेराफेरी करने का आरोप लगाया। हालांकि पुलिस ने निष्पक्ष कार्रवाई करने की बात कही है।
एक नेता की मीट फैक्ट्री में जा रहे थे पशु
थानाध्यक्ष भावनपुर के अनुसार कैंटर चालक ने पूछताछ में बताया कि पशुओं को कटान के लिए हापुड़ रोड पर एक बसपा नेता की मीट फैक्ट्री में ले जाया जा रहा था। उधर, आरोपी चालक को छुड़वाने के लिए सपा के दो कार्यकर्ता थाने पहुंचे। लेकिन पुलिस ने उसे छोड़ने से इंकार कर दिया। बहस होने पर दोनों कार्यकर्ताओं से थाने से भगा दिया गया।
खास बातें:
महंत पर कैंटर चढ़ाने की कोशिश पर फैला आक्रोश
सिफारिश में थाने पहुंचे सपाइयों को पुलिस ने भगाया