नर्सिंग स्टूडेंट और अवनि परिधि स्टाफ में मारपीट
मेरठ। मेडिकल कॉलेज स्थित नर्सिंग कॉलेज केविद्यार्थियों और अवनि परिधि के स्टाफ के बीच मारपीट हो गई है। इस संबंध में दोनों तरफ से कॉलेज केप्रधानाचार्य, प्रमुख अधीक्षक और थाने में शिकायत कर कार्रवाई की मांग की गई है।
सूत्रों का कहना है कि घटना शुक्रवार की है। दोनों पक्षों में टशनबाजी को लेकर कहासुनी और मारपीट हुई। नर्सिंग कॉलेज के प्रथम वर्ष के छात्र का कहना है कि उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी गई है। उसने प्रधानाचार्य और प्रमुख अधीक्षक से शिकायत की है। वहीं, दूसरी तरफ अवनि परिधि स्टाफ सुमित त्यागी का कहना है कि आरोपी छात्र अपने कुछ साथियों और बाहरी युवकों के साथ वार्ड में आया और मारपीट की। उसे जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में संयुक्त स्वास्थ्य संविदा कर्मचारी संघ के जिला महामंत्री चंद्रकिरण राजपूत ने प्रधानाचार्य को पत्र लिखा है। साथ ही थाने में तहरीर दी गई है। प्रमुख अधीक्षक डॉ. अजीत चौधरी का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।