जो खटकता है वो शमशान में भटकता है
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
टीपीनगर में चालीस दिन पहले हुई प्रॉपर्टी डीलर राहुल चौधरी की हत्या का शुक्रवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर के दोस्त समेत दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद किया है। हत्यारोपी दोस्त ने कहा कि प्रॉपर्टी डीलर बार-बार कमेंट करता था कि जो मेरे दिल और दिमाग में खटकते हैं वो शमशान में भटकते हैं। यही बात कहकर उसने उसके सीने में गोली मारी थी।
एसपी सिटी मान सिंह चौहान और सीओ ब्रह्मपुरी अखिलेश भदौरिया ने पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता कर बताया कि टीपीनगर थाना क्षेत्र के पूठा गांव निवासी राहुल चौधरी (30) प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। छह फरवरी को उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। साथ ही शव को पूठा के पास रेलवे लाइन पर फेंक दिया था। दस फरवरी को प्रॉपर्टी डीलर के भाई परविंद्र ने टीपीनगर थाने में अज्ञात में हत्या का केस दर्ज कराया था। मोबाइल की कॉल डिटेल और सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर बृहस्पतिवार रात पुलिस ने मलियाना स्थित मंदिर के पास से दोनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी ने बताया कि पकड़े गये आरोपी विनीत उर्फ नरेंद्र और इतेश उर्फ भूरा उर्फ विराट पुत्र सौदान सिंह निवासी पूठा हैं। पुलिस ने स्पलेंडर बाइक, दो तमंचे और तीन कारतूस बरामद किए हैं।
बेइज्जती का बदला लिया
मुख्य आरोपी विनीत ने बताया कि वह प्रॉपर्टी डीलर का बचपन का दोस्त था। दो साल पहले गांव की एक लड़की को लेकर विवाद हो गया था। विनीत का आरोप है कि उस समय राहुल ने उसे गांव के चौराहे पर अर्द्धनग्न करके पीटा था। विनीत ने माफी मांगी, लेकिन उसने उसके साथ काफी अभद्रता की। टीपीनगर थाने में विनीत ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। लेकिन थाने में दोनों पक्षों की पंचायत हुई और समझौता हो गया। विनीत का आरोप है कि प्रॉपर्टी डीलर जब भी मिलता था तो उस पर कमेंट करता था कि तुझे शर्म से गांव छोड़ देना चाहिए या मर जाना चाहिए। 26 जनवरी को विनीत ने अपने दोस्त इतेश के साथ शराब पीते समय हत्या की प्लानिंग बनाई थी।
पहले शराब पिलाई फिर गोली मारी
इंस्पेक्टर टीपीनगर बृजेश शर्मा ने बताया कि छह फरवरी की शाम को प्रॉपर्टी डीलर और उसका दोस्त सोनू उर्फ दीपक कही जा रहे थे। रास्ते में विनीत ने उन्हें रोका और सोनू से कहा कि राहुल को हम घर छोड़ देंगे। इसके बाद विनीत और इतेश ने उसे शराब पिलाई। जब राहुल का नशा हो गया तो वे उसे बाइक पर अंसल कालोनी में सुनसान रास्ते पर ले गए। वहां विनीत ने उसके सीने में गोली मार दी। दूसरी गोली मिस हो गई। इसके बाद तमंचे से उसके सिर से सटाकर गोली मारी। बाद में राहुल को रेलवे ट्रैक पर फेंककर फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि दोनों हत्यारोपियों ने सोचा था कि रात में ट्रेन आ जाएगी तो लगेगा कि ट्रेन से कटकर राहुल की मौत हुई है। लेकिन उन्होंने जहां शव फेंका था, वहां ट्रेन नहीं आती। हत्या करने के अगले दिन विनीत ने दिल्ली रोड पर प्रेमिका के साथ खाना खाया। इसके अलावा दस हजार रुपये इतेश को दिए थे।