मेरठ। 16 फरवरी को शुक्रवार की परेड में न पहुंचना 199 पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया। लापरवाही बरतने वाले इन सभी पुलिसकर्मियों का एसएसपी के निर्देश पर एक दिन का वेतन काटा गया है। इनमें एसओ टीपीनगर बृजेश शर्मा और एसओ जानी प्रेमचंद भी शामिल हैं।
एसएसपी ने बताया कि साप्ताहिक परेड में ये सभी पुलिसकर्मी नहीं पहुंचे थे। जिसमें सिपाही से लेकर दरोगा और थानेदार हैं। सभी सीओ से इस मामले में रिपोर्ट मांगी गई, जिसके बाद पता चला कि परेड में जाने के लिए पुलिसकर्मियों ने लापरवाही की है। एसएसपी ने जानी और टीपीनगर के एसओ को तलब कर लाइन हाजिर करने की चेतावनी दी।
काला चश्मा लगाया तो खैर नहीं
एसएसपी ने सभी थानेदारों और सीओ को तलब करते हुए गुडवर्क के बारे में पूछा। पता चला कि गुडवर्क के नाम पर थानेदार और सीओ सिर्फ चेकिंग के ही फोटो भेज रहे हैं। जिस पर एसएसपी ने कड़ी फटकार लगाई। एसएसपी ने चश्मा लगाने वाले एसओ भावनपुर आशुतोष कुमार, इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा दीपक शर्मा और एसओ नौचंदी संजय तोमर को भी फटकार लगाई। कहा कि यदि किसी भी घटना पर सीओ या थानेदार ने काला चश्मा लगाया तो वहीं लाइन हाजिर कर दिया जाएगा। कई बार थानेदार हत्या जैसी घटना या मोर्चरी पर भी चश्मा लगाए रहते हैं।
- बीते शुक्रवार की परेड में नहीं पहुंचे थे ये सभी पुलिसकर्मी