मेरठ। एक ट्रेनी महिला सिपाही ने पुलिस लाइन के प्रतिसार निरीक्षक (आरआई) पर अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाकर सनसनी फैला दी। सिपाही की शिकायत पर एसएसपी ने एसपी क्राइम को जांच सौंप दी है।
एसएसपी मंजिल सैनी दहल के मुताबिक दो दिन पहले हापुड़ निवासी एक ट्रेनी सिपाही ने आरआई सत्यप्रकाश शर्मा के खिलाफ शिकायती पत्र दिया। आरोप लगाया कि उसकी ट्रेनिंग पुलिस लाइन में चल रही है। आरआई बार-बार उसे कमरे में बुलाकर अश्लील हरकत करते हैं। इसका विरोध करने पर कैरियर खराब करने की धमकी देते हैं। ट्रेनी सिपाही ने आरआई की कॉल रिकॉर्डिंग भी एसएसपी को सौंपी है। शनिवार को एसपी क्राइम शिवराम यादव ने आरआई के बयान दर्ज किए। उधर, आरआई सत्यप्रकाश शर्मा का कहना कि आरोप बेबुनियाद हैं। मुझे इसके बारे में कोई भी जानकारी नहीं है।
बेटी समान हो, माफ कर दो
पुलिस के अनुसार ट्रेनी सिपाही से फोन पर आरआई बोल रहे हैं कि तुम बेटी समान हो, मुझे माफ कर दो। अब कभी ऐसा नहीं कहूंगा। आरआई की रिकॉर्डिंग एसएसपी, एसपी क्राइम को भी सुनवाई गई। इस बारे में आरआई से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि ट्रेनी ने ही उन्हें फोन किया था। अधिकारियों से शिकायत करने की बात पर यह बात उन्होंने कही।
अन्य प्रशिक्षुओं के होंगे बयान
एसएसपी का कहना है कि पीड़ित सिपाही के साथ ट्रेनिंग कर रहीं अन्य प्रशिक्षुओं के भी बयान दर्ज होंगे। जिनसे आरआई के व्यवहार के बारे में जानकारी ली जाएगी। यह पुलिस विभाग की छवि का मामला है। इस मामले में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। जांच में गलत पाया तो बड़ी कार्रवाई की जाएगी।
तीन दिन में देंगे रिपोर्ट
एसपी क्राइम शिवराम यादव का कहना है कि ट्रेनी महिला सिपाही द्वारा आरआई पर लगाए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। तीन दिन में एसएसपी को रिपोर्ट दे दी जाएगी।