कंकरखेड़ा। शिवलोकपुरी निवासी कक्षा नौ के छात्र शिवम के परिजनों को कंकरखेड़ा पुलिस से न्याय नहीं मिल पाया है। हताश परिजन अब कोर्ट जाने की तैयारी में हैं।
शिवम के पिता बाबूराम के अनुसार शिवम परचून की दुकान पर पार्ट टाइम नौकरी करता था। 22 जून को उसकी दुकान पर संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। आरोप है कि दुकानदार से साठगांठ के चलते पुलिस मामले की गंभीरता से जांच नहीं करना चाहती। क्योंकि पुलिस जानती है कि शिवम की साजिश के तहत हत्या की गई है। जब दुकानदार को पता था कि दुकान के शटर में रात 12 बजे से लेकर तड़के पांच बजे तक करंट रहता है और रोजाना दुकानदार ही करंट हटाने के बाद दुकान खोलता था तो फिर 22 जून की सुबह दुकानदार ने जानबूझकर शिवम को ही दुकान खोलने क्यों भेजा, जबकि रोजाना दुकानदार ही करंट हटाकर दुकान खोलता था। इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा प्रशांत कपिल का कहना है दुकानदार के खिलाफ कोई पुख्ता सुबूत नहीं हैं। छात्र की पीएम रिपोर्ट भी नहीं है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।