मेरठ/खरखौदा।
हथियारों से लैस बदमाशों ने खरखौदा के उलधन गांव के जंगल में सोमवार रात हाईटेंशन लाइन के अस्थाई गोदाम में डकैती डाली। बदमाशों ने दो चौकीदारों को बंधक बनाकर पीटा। इस मामले में विद्युत निगम व निर्माण कंपनी के अधिकारियों ने तहरीर दी है। वहीं पुलिस ने मामले को चोरी में दर्ज कर किया है। उधर, कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि बदमाश आठ लाख का तार ले गए।
खरखौदा से उलधन रोड पर अमरीश त्यागी के खेत में बने टॉवर के नीचे गोदाम बना हुआ है। जिस पर हजारों मीटर हाईटेंशन लाइन का तार पड़ा हुआ है। सोमवार रात इस अस्थाई गोदाम पर पश्चिम बंगाल के मालदा के चौकीदार हरिकौल निवासी अफजल पुत्र आजाद व शफीकुल पुत्र नजरूल मौजूद थे। चौकीदारों के अनुसार दोनों ही टॉवर व सामान के पास में टेंट लगाकर सो रहे थे। रात में करीब ग्यारह बजे दर्जन भर हथियार बंद बदमाश पहुंचे। उन्होंने दोनों को गन प्वाइंट पर ले लिया तथा तारों के बंडल से तार खुलवाकर छोटे-छोटे हिस्सों में तार कटवाया। बदमाशों ने दोनों की जमकर पिटाई भी की। इसके बाद तार एक मिनी ट्रक में लादकर ले गये। जाते समय बदमाश ने दोनों चौकीदारों से करीब पांच हजार की नगदी व दो मोबाइल लूटकर उन्हें बंधक बनाकर टेंट में ही डाल गये। मंगलवार सुबह जब साइट पर काम करने वाले लोग पहुंचे तो मामले की जानकारी हुई।
विद्युत निगम हापुड़ के एक्सईएन बीएस गुप्ता व एसडीओ डीके गुप्ता और निर्माण कंपनी के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा तहरीर दी। अधिकारियों के अनुुसार पुलिस ने डकैती के मामले में तहरीर लेने से इंकार कर दिया तथा चोरी के मामले में तहरीर लेकर तुरंत ही रिपोर्ट दर्ज कर ली। खरखौदा थाने की पुलिस की कार्यशैली से असंतुष्ट विद्युत निगम के अधिकारी एसपी देहात से मिले तथा डकैती में मामला दर्ज करनेे की मांग की है।
गोदामों पर पहले हुई वारदात
निर्माण कर रही कंपनी के अधिकारियों के अनुसार इसी लाइन के पास में हापुड़ से जागृति विहार के लिये दूसरी लाइन का भी निर्माण कार्य चल रहा है। 29 नवंबर को खरखौदा से ही एक अस्थाई गोदाम से चौकीदारों को गन प्वाइंट पर लेकर 500 मीटर तार लूटा जा चुका है। वहीं उसी लाइन पर 9 दिसंबर को ही खरखौदा के एक गोदाम से भी चौकीदारों को बंधक बनाकर 310 मीटर तार लूटा गया था। इन दोनों ही मामलों पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
पांच घंटे तक मौजूद रहे बदमाश
पीड़ित चौकीदारों का कहना है कि वह अब वहां पर नौकरी नहीं करेंगे। दर्जनभर बदमाश रात में करीब 11 बजे घुस गए थे। बदमाशों ने उन्हीं से ही पूरी रात काम कराया। सुबह करीब चार बजे बदमाश गाड़ी में तार लाद कर भाग गए। लेकिन इन पांच घंटों में एक भी बार पुलिस इस रोड से नहीं निकली। पुलिस मामले को चोरी का बता रही है।
खास बात
चौकीदारों को बंधक बनाकर आठ लाख का तार ले गए
पुलिस ने डकैती के मामले को चोरी में दर्ज किया, एसपी देहात से शिकायत