अमर उजाला ब्यूरो।
मेरठ/रोहटा। किनौनी बजाज शुगर मिल में ठेके के लिए चली आ रही वर्चस्व की लड़ाई में बुधवार की रात मिल गेट पर जमकर फायरिंग हुई। इस दौरान एक युवक ने खुद को जिला पंचायत अध्यक्ष का रिश्तेदार बताया और मिल के उपाध्यक्ष को जान से मारने की धमकी दी। मिल के यूनिट हेड ने किनौनी गांव के पूर्व प्रधान समेत दो लोगों को नामजद और दर्जन भर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रोहटा थाना में मुकदमा दर्ज कराया है।
थाना प्रभारी रोहटा रविंद्र चंद पंत के अनुसार बुधवार रात करीब साढ़े दस बजे किनौनी चीनी मिल के यूनिट हेड केपी सिह के मोबाइल पर कॉल आई। आरोप लगाया कि एक युवक ने खुद को नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष कुलविंदर गुर्जर का रिश्तेदार बताकर धमकी दी है। युवक ने कुलविंदर सिंह से न मिलने आने की बात कहकर केपी सिंह से गालीगलौज की। कहा कि अबकी बार मिल के ठेके किसी ओर को दिए तो अंजाम बुरा होगा। मिल चलने नहीं दी जाएगी। इस पर यूनिट हेड ने कॉल काट दी। इसके बीस मिनट में दो गाड़ियों में सवार दर्जनभर लोग मिल गेट पर जा पहुुंचे। सुरक्षा कर्मियों ने गेट नहीं खोला तो वह लोग आगबबूला हो गये। वह लोग मिल के यूनिट हेड केपी सिंह को बुलाने की जिद पर अड़ गये।
फायरिंग से मचा हड़कंप
उन्हाेंने दोबारा यूनिट हेड को कॉल कर धमकाया। कहा कि हिम्मत है तो बाहर आओ। कॉल कटते ही हमलावरों ने मिल में घुसने का प्रयास किया। लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने विरोध किया। विरोध करते हमलावरों ने फायरिंग शुरू कर दी। कई राउंड फायरिंग से मिल परिसर व पास स्थित कालोनी में हड़कंप मच गया। मिल के सुरक्षाकर्मियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो उससे पहले ही हमलावर फरार हो गए। बृहस्पतिवार को यूनिट हेड केपी सिह की तहरीर पर गांव किनौनी के पूर्व प्रधान अमित गुर्जर व गांव जिटौला के पूर्व प्रधान हेमचंद व दर्जन भर अज्ञात के खिलाफ रोहटा थाने में मुकदमा दर्ज कराया। एसओ रोहटा ने बताया कि अमित की तलाश में दबिश दी जा रही है।
योगेश-ऊधम में हो चुका खूनखराबा
किनौनी मिल में ठेके को लेकर कुख्यात योगेश भदौड़ा और ऊधमसिंह गैंग में खूनखराबा हो चुका है। पुलिस ने बताया कि योगेश के भाई प्रमोद भदौड़ा की हत्या भी ऊधम ने ठेकेदारी को लेकर की थी। तब से दोनों में खूनी अदावत चल रही है। एक दर्जन से अधिक लोगों की हत्या हो चुकी हैं। इस मामले को लेकर फिर मामला गर्मा गया है।
खास बातें
- बजाज शुगर मिल गेट पर बुधवार रात हुआ हंगामा, उपाध्यक्ष को धमकाया
- यूनिट हेड ने किनौनी गांव के पूर्व प्रधान समेत दो लोगों को किया नामजद