परीक्षितगढ़ और किठौर पुलिस सीमा विवाद में उलझी रह्रीं
सीओ के आदेश पर किठौर थाने में तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
माछरा/किठौर
हथियारबंद बाइक सवार बदमाश बृहस्पतिवार को गोविंदपुरी-माछरा मार्ग पर जनधन लक्ष्मी फाइनेंस कंपनी के एजेंट से 90 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस कंट्रोल रूम को वारदात की जानकारी दी। इस पर परीक्षितगढ़ और किठौर पुलिस सीमा विवाद में उलझ गईं। सूचना पाकर सीओ किठौर मौके पर पहुंचे और किठौर थाने में तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
जनधन लक्ष्मी फाइनेंस का एजेंट गांव उलधन निवासी खुरूश आलम पुत्र बुंदू बृहस्पतिवार को गोविंदपुरी गांव से 90 हजार रुपये की उगाही करके बाइक पर लौट रहा था। इसी बीच गोविंदपुरी-माछरा मार्ग पर माछरा निवासी रघुवंश त्यागी के बाग के निकट बाइक सवार तीन हथियारबंद बदमाशों ने उसे रोक लिया। इसके बाद गन प्वाइंट पर लेकर 90 हजार रुपये लूट लिये। पीड़ित ने बताया कि बदमाश लूट करने के बाद जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित ने वारदात की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी। इस पर परीक्षितगढ़ पुलिस और सीओ किठौर मौके पर पहुंचे। यहां परीक्षितगढ़ पुलिस ने घटनास्थल को किठौर थाना क्षेत्र का बताया। सीओ किठौर पंकज कुमार सिंह ने किठौर पुलिस को मामला दर्ज करने का आदेश दिया।
तलाश करना उचित नहीं समझा
गोविन्दपुरी-माछरा मार्ग पर एजेंट से लूटपाट होने के बाद किठौर पुलिस उसे थाने ले आई परंतु बदमाशों की तलाश में अभियान चलाना जरूरी नहीं समझा। पीड़ितों का कहना है कि यदि पुलिस समय रहते कोशिश करती तो लुटेरे पकड़ में आ सकते थे।
पुलिस गंभीर नहीं है
किठौर थाना क्षेत्र में लूट की घटनाएं होती रहती हैं। वहीं, पुलिस इन घटनाओं को रोकने के प्रति गंभीर नहीं है। दो माह में करीब दर्जन भर लूट की घटनाएं हो चुकी हैं। किठौर पुलिस अभी तक एक-दो मामले में ही मुल्जिम को पकड़ पाई है। इस संबंध में सीओ किठौर पंकज कुमार सिंह का कहना है कि लूट की घटनाओं में शामिल कुछ बदमाशों को जेल भेज दिया है। एक-दो अज्ञात को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।