पथौली के ग्रामीणों ने पुलिस पर लगाया उत्पीड़न का अरोप
पुलिस ने आरोपी फिरोज को जेल भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
रोहटा।
पुलिस द्वारा लूट के मामले में पकड़े गये ग्राम पथौली के दो युवकों को छुड़ाने को लेकर बड़ी संख्या में आए ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर पुलिस पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। पुलिस ने आरोपी से लूटा गया मोबाइल बरामद करने का दावा किया है। उसे जेल भेज दिया। वहीं, एक युवक को पूछताछ के बाद ग्रामीणों के सुपुर्द कर दिया।
गौरतलब है कि बीती 17 मई को गांव थिरोठ निवासी जोनी पुत्र रामगोपाल से गांव रासना डालमपुर सपर्क मार्ग पर बदमाशों ने उसकी बाइक, मोबाइल और बीस हजार रुपये लूट लिये थे। वहीं, लूट का विरोध करने पर उसे मारपीट कर घायल कर दिया था। वहीं, पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई थी, लेकिन वे हत्थे नही चढ़ रहे थे। पुलिस ने लूटे गए मोबाइल को सर्विलांस पर लगा रखा था। उक्त मोबाइल को एक सप्ताह पूर्व गांव पथौली निवासी फिरोज पुत्र अलाउद्दीन चलाता पकड़ में आया। इस पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को दबिश देकर फिरोज को गिरफ्तार कर लिया। उसने पूछताछ में दो और साथियों के नाम बताये। इस पर पुलिस ने राहुल पुत्र गुलाब और अमित पुत्र बलजोर की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी, लेकिन वे हत्थे नहीं चढ़ सके। पुलिस रात में उनके एक अन्य साथी दीपक पुत्र ओमसिंह को थाने ले आई। पथौली के ग्रामीणों को सुबह दीपक के बारे में मालूम हुआ तो वे पूर्व प्रधान राजन के नेतृत्व में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार होकर थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाकर हंगामा किया। थाना प्रभारी रविन्द्र चन्द्र पंत भी मौके पर पहुंचे तो उनका भी घेराव किया। थाना प्रभारी ने फिरोज से बरामद लूटा गया मोबाइल एवं उसकी कॉल डिटेल ग्रामीणों को दिखा शांत किया। बताया कि फिरोज, अमित एवं राहुल ने लूट की है। दीपक के बारे में बताया कि वह राहुल का दोस्त है। उसे पूछताछ के लिए लाया गया था। जिसे पूछताछ करने के बाद छोड़ दिया। वहीं, फिरोज को जेल भेज दिया है।