बदमाश हजारों की नगदी, जेवरात एवं मोबाइल ले गए
खरखौदा।
बदमाशों ने मंगलवार रात सेवानिवृत्त फौजी के मकान पर धावा बोल दिया। उन्होंने कमरे में सो रहे परिजनों को बंधक बना लिया। इसके बाद दूसरे कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर करीब 21 हजार रुपये, सोने-चांदी के जेवरात और एक मोबाइल लूट लिया।
गांव खंदावली के मोहल्ला चौथाई निवासी सुधीर त्यागी पुत्र रामनाथ त्यागी का परिवार रहता है। सुधीर त्यागी आर्मी से रिटायर हैं। वह इस समय फिरोजाबाद स्थित ओर्डिनेंस फैक्ट्री में कार्यरत हैं। गांव में सुधीर की पत्नी गीता, बेटी गरिमा और बेटा मयंक रहते हैं। मंगलवार रात गीता, गरिमा और मयंक एक कमरे में सोए हुए थे। बदमाश दीवार फांदकर घर में घुसे और उस कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया जिसमें परिजन सो रहे थे। इसके बाद बदमाश दूसरे कमरे का ताला तोड़कर वहां रखी अलमारी से 21 हजार रुपये, सोने-चांदी के जेवरात एवं एक मोबाइल लूट लिया। गीता ने बुधवार तड़के दरवाजा खोलनेे का प्रयास किया तो वह बाहर से बंद मिला। गीता ने फोन करके पड़ोसी से दरवाजा खुलवाया। गीता दूसरे कमरे में गई तो अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था। उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग एकत्र हो गए। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इस मामले में पीड़ित पक्ष ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने देर रात तक भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। वहीं, इस बाबत इंस्पेक्टर संदीप कुमार सिंह ने घटना से अनभिज्ञता जताई है।