पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ खुलासा
रजिया के ससुराल वाले एवं बहन नहीं चाहते थे पोस्टमार्टम कराना
अमर उजाला ब्यूरो
सरधना।
नवाबगढ़ी में सोमवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में हुई रजिया की मौत का पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हो गया है। इसमें मौत की वजह इलेक्ट्रिक शॉक लगना बताया है। पुलिस ने मृतका रजिया के पति को हिरासत में ले रखा है।
बिहार निवासी 40 वर्षीय रजिया पुत्री इदरीश का निकाह 14 वर्ष पूर्व नवाबगढ़ी गांव निवासी शाहिद पुत्र ताहिर संग हुआ था। रजिया को चार बच्चे हुए। जिसमें दो बेटी और दो बेटे हैं। रजिया की छोटी बहन का निकाह भी नवाबगढ़ी में ही हुआ है। रजिया की सोमवार देर रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मंगलवार सुबह पुलिस कंट्रोल रूम को रजिया की पीट-पीटकर एवं करंट लगाकर हत्या कर दिए जाने की जानकारी दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो रजिया की बहन ने पहले तो रजिया की ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया। कुछ देर बाद ही उसने रजिया की मौत की बाबत पुलिस कार्रवाई करने से इनकार कर दिया। वहीं, पुलिस दोपहर तक शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने को परिजनों से बातचीत करती रही। उधर, मृतका रजिया के पति शाहिद पुत्र ताहिर को हिरासत में ले लिया। रजिया की छोटी बहन एवं उसकी ससुराल वालों ने पुलिस को लिखकर दिया कि वे पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते हैं। पुलिस ने हत्या का कारण जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रजिया की मौत की वजह इलेक्ट्रिक शॉक लगना बताई है। इससे स्पष्ट हो गया कि रजिया की हत्या की गई। इस संबंध में इंस्पेक्टर मनोज कुमार मिश्रा का कहना है कि पोस्टमार्टम में मौत की वजह इलेक्ट्रिक शॉक बताई है। रजिया के मायके वाले अभी थाने नहीं पहुंचे हैं। पुलिस उनकी तहरीर एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करेगी।