शादी कर ठगने वाले गैंग का पर्दाफाश
मोदीनगर। कोतवाली पुलिस ने शादी कर रुपये ठगने वाले एक गैंग का पर्दाफाश किया है। गैंग ने करीब आधा दर्जन घटनाओं को अंजाम दिया है। जीजा अपनी साली की बार-बार शादी कर ससुरालियों से रुपये ठगता था, इसमें उसकी पत्नी भी साथ देती थी। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है।
एसएचओ गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि दो महिला समेत लोगों को पकड़ा गया है। जिसमें भक्ता उर्फ परमेश्वर निवासी सिरसली थाना बिनौली बागपत व भक्ता की पत्नी शिवानी व भक्ता की साली पूजा (पुत्री कृष्णपाल निवासी बागपत) शामिल हैं। भक्ता ने बताया कि उसने पूजा की पहली शादी तीन मार्च 2017 को मोहित उफ काला पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी निरोजपुर बागपत के साथ की थी, इसमें 80 हजार रुपये लिए थे। दूसरी शादी 26 फरवरी 2018 को सोनू पुत्र ओमपाल निवासी शाहजहांपुरी मोदीनगर से की थी। इसमें ढाई लाख रुपये लिए थे। अनिल पुत्र देवेंद्र निवासी निवासी निरपुड़ा बागपत से करीब 40 हजार रुपये लिए। विनोद पुत्र नंदू कश्यप निवासी दौघाट से करीब सवा लाख रुपये लिए थे। हरियाणा के गोलू से 20 हजार रुपये लिए। सुखवीर पुत्र रणजीत निवासी सोनीपत से डेढ़ लाख व पंकज पुत्र जवाहर निवासी पांडव नगर बड़ौत से आठ हजार रुपये लिए। उन्होंने बताया कि मोदीनगर के शाहजहांपुर निवासी सोनू पुत्र ओमपाल के यहां पूजा, पूजा की मां व जीजा ससुराल लेने हुए आए थे। वे ससुरालियों को खाने में नशीला पदार्थ खिलाकर रात में ही भाग गए। इस संबंध में सतीश राठी ने सोमवार को रिपोर्ट दर्ज कराई। एसएचओ ने बताया कि सभी को शामली से मंगलवार शाम गिरफ्तार कर लिया गया। एएसपी रवि कुमार ने बताया कि आरोपियों ने दर्जनों घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। गैंग के अन्य सदस्यों को तलाशा जा रहा है।