मेरठ। शहर का एक बड़ा होटल कारोबारी करोड़ों रुपये लेकर परिवार के साथ फरार हो गया। जिसको लेकर शहर के कई कारोबारियों के होश उड़े हैं। जिन लोगों का करोड़ों रुपये का बकाया था, अब वह अपनी मोटी रकम को लेकर शहर में चर्चाएं कर रहे हैं। हालांकि इस मामले में अभी तक किसी भी पीड़ित कारोबारी या व्यवसायी ने थाने में तहरीर नहीं दी है।
मामला गढ़ रोड स्थित एक होटल के मालिक से जुड़ा है। कारोबारी की शास्त्रीनगर स्थित कोठी पर काम करने वाला देखरेख कर रहा है। यह व्यक्ति कारोबारी के यहां 17 साल से जुड़ा हुआ है। होटल में गार्ड और वहां के कर्मचारी ही देखरेख कर रहे हैं। जिस होटल का मामला है, उस होटल में सीओ सिविल लाइन भी कमरा लेकर रुके हुए हैं। एक व्यापारी नेता ने बताया कि मंगलवार से होटल का मालिक परिवार के साथ शहर छोड़कर लापता है। जिसके बाद से होटल कारोबारी और परिवार के लोगों के मोबाइल स्विच ऑफ हैं। फेसबुक भी का प्रयोग भी नहीं किया गया। 25 करोड़ रुपये एक बैंक के बताए गए हैं। जबकि छह करोड़ रुपये एक अन्य कारोबारी के बताए गए हैं। इनके अलावा कई लोगों के एक या दो करोड़ रुपये उधार हैं। फ्रूट, चिकन, सब्जी, जनरेटर के भी प्रत्येक के 15 से 20 लाख रुपये उधार हैं।
शास्त्रीनगर में कोठी के बाहर खड़ी बीएमडब्लू और ऑडी कार को शहर के एक कपड़ा कारोबारी ने कब्जे में ले लिया है। इस कपड़ा कारोबारी के दो से तीन करोड़ रुपये बताए गए हैं। एसपी सिटी मान सिंह चौहान का कहना है कि इस मामले में इंस्पेक्टर नौचंदी धीरज शुक्ला और सीओ सिविल लाइन से भी जानकारी ली जा रही है। लेकिन किसी की भी तरफ से थाने में तहरीर नहीं आयी है।
बाजार का पैसा है देना तो पड़ेगा ही
एक व्यापारी नेता ने बताया कि होटल मालिक ने बैंक से करोड़ों रुपये का लोन लेेने के बाद होटल खड़ा किया। उसके बाद मार्केट से लेकर उधार का भी करीब 30 से 40 करोड़ रुपये ले रखा है। जिसके बाद पैसे देने के लिए दबाव बढ़ता गया तो पिछले कुछ दिनों पहले होटल को बेचने की कीमत भी लगाई गई। होटल खरीदने के लिए कई राजनीतिक लोग भी नजदीक में थे। जिनसे लगातार बात हो रही थी। बता दें कि सितंबर 2016 में अब्दुल्लापुर से दो सीमेंट कारोबारी भाई भी करीब सौ करोड़ रुपये लेकर फरार हुए थे। जिनका आज तक कोई पता नहीं चला। जबकि टीपीनगर में डेढ़ साल पहले एक कारोबारी परिवार के पांच लोगों ने कर्ज बढ़ने के चलते सामूहिक रूप से सुसाइड कर लिया था।
खास बातें:
- करोड़ों लेकर फरार, थाने में तहरीर तक नहीं
- शहर का एक होटल कारोबारी मंगलवार से परिवार के साथ लापता
- शहर के कई बड़े कारोबारियों ने अपने उधार के पैसों को लेकर की चर्चा