मेरठ। रिठानी गांव में श्मशान घाट के पास बृहस्पतिवार को शिव मूर्ति खंडित करने पर हंगामा हो गया। लोगों ने बताया कि त्यौहार से पहले हर बार मूर्ति को खंडित कर सांप्रदायिक उन्माद फैलाने की साजिश की जाती है।
पुलिस के मुताबिक रिठानी स्थित डिवाइडर रोड पर श्मशान घाट के पास शिव मंदिर है। 14 फरवरी को शिवरात्रि है। अराजक तत्वों ने बृहस्पतिवार को शिव मूर्ति खंडित कर दी। इसकी जानकारी लगते ही सैकड़ों लोग मंदिर में पहुंचे। हंगामे की सूचना पर परतापुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि कोई शरारती तत्व जानबूझकर मूर्ति को खंडित करता है। लोगों ने मंदिर के आसपास पुलिस की गश्त न होने का भी आरोप लगाया। इंस्पेक्टर परतापुर राशिद अली का कहना है कि आरोपी जल्द गिरफ्तार किए जाएंगे।