कमेटी के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप
- एकता सेवा समिति के प्रदेशाध्यक्ष ने एसडीएम से की जांच की मांग
सरधना। नगर में कमेटी के नाम पर एक नटवरलाल ने कई लोगों से लाखों रुपये की ठगी कर ली। मामले में मंगलवार को पीड़ित लोगों के साथ एकता सेवा समिति के प्रदेश अध्यक्ष अबरार अहमद के साथ कुछ लोग एसडीएम अमित कुमार से मिले। आरोप है कि रुपये मांगने पर आरोपी पीड़ितों को धमकी दे रहे हैं। रुपये नहीं मिलने के कारण पीड़ित अपने बच्चों की शादी तक नहीं कर पाया। एसडीएम ने थाना पुलिस को मामले की जांच कराकर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
मोहल्ला धर्मपुरा निवासी वफाक, नईम व अनीस ने मंगलवार को एसडीएम कार्यालय में एक शिकायती पत्र देते हुए बताया कि उन्होंने मोहल्ले के ही दो लोगों के पास पांच-पांच लाख रुपये की कमेटी डाली थी। कमेटी तो पूरी हो गई, लेकिन आरोपियों ने उनके पैसे नहीं दिए। पैसे मांगने पर आरोपियों ने पहले तो सभी सदस्यों से एकत्रित करके देने की बात कही। अब रुपये देने से ही इंकार कर दिया है। समय पर रुपये नहीं मिलने के कारण वफाक के सामने अपने बच्चों की शादी करने का संकट खड़ा हो गया। अब रुपये मांगने पर आरोपी उन्हें धमकी दे रहे हैं। जिससे पीड़ित मजदूर परिवार दहशत में हैं। इस संबंध में एकता सेवा समिति एनजीओ के प्रदेश अध्यक्ष अबरार अहमद ने एसडीएम अमित कुमार भारतीय से मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। अबरार अहमद ने बताया कि अन्य कई लोगों के कमेटी के रुपये भी नहीं लौटा रहे हैं। एसडीएम अमित कुमार भारतीय ने थाना पुलिस को मामले की जांच कराकर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया हैं। थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी हैं।