मेरठ। बेटा जान से गया और अब हत्यारोपियों के खिलाफ गवाही देने का भी खतरा बना हुआ है। समझौता न करने पर हत्यारोपी पक्ष से लगातार धमकी दी जा रही है। घर पर पुलिस भी तैनात है। लेकिन उसके बाद भी जान का खतरा बना है। पुलिस अफसरों से गुहार लगा ली, बावजूद धमकियां मिलनी बंद नहीं हो रही हैं। एक आरोपी अभी फरार है। दस माह में भी पुलिस को आरोपियों का सुराग नहीं लगा।
यह था मामला
इंचौली थानाक्षेत्र के नबीपुर निवासी छात्र शिवा (16) पुत्र रणवीर सिंह 11 सितंबर 2017 को स्कूल से घर लौट रहा था। तभी छात्र को अपहरण कर आरोपी उसे ईख के खेत में ले गए, जहां उसकी हत्या कर दी। छात्र के मोबाइल फोन से ही 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। छात्र का शव भावनपुर थानाक्षेत्र से बरामद हुआ तो भावनपुर थाने में हत्या का केस दर्ज हुआ। पुलिस ने लालपुर निवासी अजय, आशीष, सुमित, नीटू और सोना गांव निवासी अनुज को गिरफ्तार कर हत्या के केस में जेल भेजा। लालपुर निवासी कपिल का कोई सुराग नहीं लगा।
घर-घर ऑडियो लेकर घूमी थी पुलिस
शिवा की हत्या कर आरोपी फोन पर फिरौती मांग रहे थे। आरोपियों की आवाज किसी लोकल आदमी की लग रही थी। जिसकी ऑडियो लेकर पुलिस नबीपुर, लालपुर व आसपास के गांवों में लेकर घर-घर घूमती रही। ताकि आरोपियों की आवाज पहचानी जा सके। मोबाइल से अशरफ ने छात्र की बहन शिखा और मां जयवती से 50 लाख की फिरौती के लिए कॉल की। अशरफ की आवाज उसके ही एक दोस्त ने पहचान ली। उसके बाद ही पुलिस ने अशरफ को गिरफ्तार किया था।
गवाह तोड़कर दी जा रही धमकी
छात्र की हत्या में उसके पिता रणवीर सिंह समेत 12 गवाह थे। रणवीर सिंह का आरोप है कि अधिकांश गवाह हत्यारोपी पक्ष ने धमकी देकर तोड़ लिए। अब उन्हें भी धमकी दे रहे हैं। सुरक्षा के तौर पर घर पर सिपाही भी तैनात हैं। लेकिन उसके बाद भी पीड़ित परिवार को जान का खतरा है। छात्र के पिता का कहना है कि एक तो जवान बेटा चला गया। आर्थिक स्थिति से भी परिवार टूट गया। आखिर जिन्होंने बेटा छीन लिया उनसे समझौता कौन कर सकता है। उधर हत्या की धमकी दी जा रही है।
खास बातें
-11 सितंबर 2017 को स्कूल जाते समय किया था छात्र शिवा का अपहरण
- कोर्ट में गवाही देने के लिए दी जा रही धमकी
- छात्र के पिता ने कहा कि आरोपियों ने धमकी देकर तोड़ लिए कई गवाह