मेरठ। लिसाड़ी गेट क्षेत्र के रसीदनगर में सोमवार शाम को डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। जिसमें आरोपी पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर फायरिंग भी की।
रसीदनगर में बकरीद के बाद शाम को सरफराज ने ईद की पार्टी रखी थी। जिसमें रास्ते में ही कुछ लोग टेंट लगाकर पार्टी कर रहे थे और वहीं डीजे पर डांस चल रहा था। आरोप है कि तमंचे लहराकर डांस किया जा रहा था। पड़ोसी रईस अहमद वहां पहुंचा और डीजे का विरोध कर बंद करने के लिए कहा। इस बीच दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि सरफराज पक्ष के लोगों ने रईस के साथ मारपीट कर दी। जिसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने सामने आ गये। आरोपी पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ करते हुए फायरिंग कर दी। मारपीट में रईस, सलमा और एक अन्य महिला घायल हो गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गये। लिसाड़ीगेट एसओ धर्मेन्द्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। आरोपी सीसी टीवी कैमरे में भी कैद हो गये। पुलिस ने मौके से तमंचे के दो खोखे भी बरामद किये हैं। एसओ लिसाड़ीगेट का कहना है कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी, लेकिन वह फरार मिले।