मेरठ। परतापुर इलाके में छेड़छाड़ का विरोध करने पर छात्रा के भाई पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपियों को पुलिस बचाने में जुटी है। पीड़ित परिवार इंसाफ के लिए एसएसपी ऑफिस में भटक रहा है। आरोप है कि पुलिस की आरोपियों से साठगांठ हो गई है।
पीड़ित परिवार ने बताया कि छात्रा से एक सप्ताह पहले मोहल्ले के मिंटू और जॉनी ने छेड़छाड़ की थी। इसका विरोध करने पर आरोपियों ने छात्रा के भाई की पिटाई कर दी। छात्रा के भाई का एक सप्ताह से जिला अस्पताल में इलाज चल रहा हैं। आरोपियों पर मुकदमा दर्ज है। लेकिन पुलिस ने उनको गिरफ्तार नहीं किया। बुधवार को पीड़ित परिवार पुलिस ऑफिस पहुंचा। आरोप है कि कई बार परतापुर पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। लेकिन पुलिस ने उनकी एक नहीं सुनी। सीओ ब्रह्मपुरी अखिलेश भदौरिया का कहना है कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी कराई जाएगी। किसी भी हालत में आरोपी बख्शे नहीं जाएंगे।
खास बात
- पीड़ित परिवार पुलिस ऑफिस में इंसाफ के लिए भटक रहा
- विरोध करने पर आरोपियों ने छात्रा के भाई को पीटा था