मोदीपुरम। पल्लवपुरम से साढ़े चार माह से अपह्त रेस्टोरेंट संचालक की मां के साथ कोई अनहोनी होने का अंदेशा जताया जा रहा है। पुलिस ने एक आरोपी और रेस्टोरेंट संचालक को हिरासत में लिया है। मामला करोड़ों रुपये की प्रॉपर्टी के विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। अभी तक तीन लोगों के नाम इस केस में सामने आ चुके हैं। पुलिस दो दिनों में खुलासा करने की बात कह रही है।
यह है मामला
पल्लवपुरम फेज-1 सर्विस रोड पर बी-110 में कमलेश देवी (65) अपने दो बेटों दीपक अग्रवाल और संदीप अग्रवाल के साथ रहती हैं। दोनों भाई हाईवे पर टोल प्लाजा के पास वॉव रेस्टोरेंट चलाते है। बीती 23 मार्च की रात कमलेश का घर से ही कार सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया था। बड़े बेटे दीपक ने पूछताछ में फूलबाग कॉलोनी निवासी अपने मामा सतीश अग्रवाल पर अपहरण कराने का आरोप लगाया था। अंदेशा जताया कि उनकी मां का मामा से फूलबाग स्थित करोड़ों रुपये की प्रॉपर्टी को लेकर दस साल से विवाद चल रहा है। पुलिस ने सतीश को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। लेकिन कोई भूमिका न मानते हुए छोड़ दिया था।
अब अनहोनी का दावा
पल्लवपुरम पुलिस के अनुसार सर्विलांस के माध्यम से जो आरोपी हिरासत में लिया गया, उससे पूछताछ में अहम सुराग मिले हैं। जिसके बाद वृद्धा के पुत्र को भी हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी ने वृद्धा के साथ अनहोनी होने का दावा किया है। पुलिस बेटे की भूमिका भी संदिग्ध मान रही है। पुलिस उन आरोपियों की तलाश में है, जो इस घटना में शामिल थे। पुलिस के अनुसार जब तक वृद्धा को बरामद नहीं कर लिया जाता और सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं कर लिए जाते, कुछ भी स्पष्ट नहीं कहा जा सकता है। सीओ दौराला विजय प्रकाश का कहना है कि अपह्त वृद्धा के मामले में गंभीरता से जांच चल रही है। कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिनके माध्यम से आरोपियों तक पहुंचा जाएगा। बेटे को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
खास बात
- 23 मार्च को पल्लवपुरम फेज-1 स्थित घर से हुआ था अपहरण
- करोड़ों की प्रॉपर्टी को लेकर वल रहा विवाद, जल्द हो सकता है खुलासा