गंगानगर। रजपुरा स्थित ग्रीन पार्क में 15 दिन पहले खुले शराब के ठेके के विरोध में विजय लोक, कृष्णा लोक, ग्रीन पार्क आदि कॉलोनियों की महिलाओं ने शनिवार को हंगामा कर दिया। महिलाओं का आरोप है कि ग्राम प्रधान ने अपने रिश्तेदार का प्लॉट होने की बात कहते हुए हंगामा कर रही महिलाओं से गालीगलौज कर दी। सूचना पर पुलिस पहुंची। महिलाओं ने डीएम से शिकायत कर ठेका बंद कराने की गुहार लगाई है। कहा कि जहां ठेका खोला गया है, वहां पास में मंदिर, शिशु मंदिर स्कूल, कॉलेज आदि हैं। शराब के ठेके कारण आसपास का माहौल खराब होगा। जिस पर महिलाओं को कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। वहीं प्रधान विपिन चौधरी ने कहा कि यह अंग्रेजी- देशी शराब का ठेका है। प्रधानी की हार का बदला लेने के लिए यह हंगामा महिलाओं से कराया गया है। ठेका खुलने को लेकर एसएसपी से मुलाकात करेंगे।