उर्स मेला देखने गए कांग्रेस नेता के भतीजे का शव मिला
मुरादनगर। जलालपुर रोड स्थित गंगाविहार कालोनी के एक खाली प्लाट में रविवार सुबह कांग्रेस नेता के भतीजे का शव पड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। शव पर चोट के निशान मिलने पर परिजनों ने अपहरण के बाद हत्या की आशंका जताई है। युवक शनिवार को उर्स मेला देखने गया था। वह मानसिक रूप से कमजोर था।
मेन कस्बा रोड स्थित ममला वाली गली में रहने वाले श्रीपाल कांग्रेस के टिकट से नगर पालिका परिषद के चेयरमैन पद का चुनाव लड़े थे। श्रीपाल के भाई धनीराम का बेटा सचिन कुमार (20) मानसिक रूप से कमजोर था। शनिवार रात सचिन खाना खाने के बाद यह कहकर घर से निकला था कि वह उर्स का मेला देखने जा रहा है। रात करीब एक बजे तक युवक के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। रविवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि गंगाविहार कालोनी के एक खाली प्लाट में सचिन का शव पड़ा है। सूचना पर पुलिस और परिजन वहां पहुंचे। सचिन के मुंह और शरीर पर चोट के निशान देकर परिजनों ने उसकी अपहरण के बाद हत्या की आशंका जताई। एसएचओ रनवीर सिंह यादव का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।