मेरठ/किठौर। किठौर कस्बे में बृहस्पतिवार सुबह सनसनीखेज वारदात हो गई। एक व्यक्ति ने नृशंसता दिखाते हुए भाइयों को फंसाने की खातिर अपने मंदबुद्धि बेटे की चाकू से गला काटकर हत्या कर दी। यही नहीं, दोनों भाइयों को नामजद भी करा दिया। पुलिस ने करीब सात घंटे की जांच पड़ताल के बाद हत्यारोपी पिता को गिरफ्तार कर आला कत्ल बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार किठौर कस्बे के मौसमखानी मोहल्ला निवासी इमरान पुत्र यूसुफ का अपने भाई बाबू और चांद से पुश्तैनी घर को लेकर विवाद चल रहा था। मकान के बंटवारे के दौरान इमरान के बाबू पर 1.85 लाख रुपये तय हो गए थे। इमरान ने कई बार बाबू से पैसा मांगा। लेकिन उसने देने से इंकार कर दिया।
प्लानिंग जानलेवा हमला, मार ही डाला
एसओ किठौर राजेंद्र त्यागी ने बताया कि इमरान ने अपने मंदबुद्धि बेटे फैसल (16 वर्ष) पर जानलेवा हमला कर दोनों भाइयों पर मुकदमा दर्ज कराने की प्लानिंग बनाई। इमरान बृहस्पतिवार सुबह करीब 8:20 बजे अपने बेटे फैसल को लेकर बाबू के घर पहुंचा। दोनों भाइयों के घर करीब 500 मीटर की दूरी पर हैं। इमरान ने फैसल की गर्दन पर चाकू मारा, जिसमें फैसल की मौत हो गई। जिसके बाद खून में लथपथ इमरान वहां से भागकर अपने घर पहुंचा। इमरान ने पुलिस को फोन कर भाइयों पर हत्या करने का आरोप लगाकर शिकायत कर दी।
हत्या में करा दिया नामजद
किठौर पुलिस सूचना पर मौके पर पहुंची तो इमरान ने अपने दोनों भाइयों समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर दे दी। पुलिस ने केस दर्ज कर शव पोस्टमार्टम हाउस भेजकर तीनों भाइयों समेत आठ लोग हिरासत में ले लिए। पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी मामले की जानकारी ली।
शक पहले से था, यकीन में बदला
एसओ किठौर के मुताबिक इमरान पर हत्या के दो घंटे बाद शक गहरा गया था। जिसके बाद कई ग्रामीणों ने भी फोन कर बताया कि इमरान ही हत्यारोपी है, जिसने अपने बेटे की हत्या कर भाइयों को फंसाने का प्लान बनाया था। वहीं, भाइयों ने बताया कि इमरान उन्हें फंसाने की प्लानिंग बना रहा था। ठोस सुबूत की तलाश में इमरान के घर की तलाशी ली गयी तो वहां से खून से सने कपड़े और आला कत्ल बरामद हुआ। उसके बाद इमरान से सख्ती से पूछताछ की गयी तो उसने हत्या करना कबूल कर लिया। एसपी देहात राजेश कुमार के अनुसार मंदबुद्धि बेटे के हत्यारोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। खून से सने कपड़े और आलाकत्ल चाकू आरोपी के घर से बरामद हुआ है।
सुपुर्द-ए-खाक के बाद गिरफ्तार
सारी बातें साफ होने के बाद पुलिस ने फैसल के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे सुपुर्द-ए-खाक कराया। उसके बाद हत्यारोपी पिता की गिरफ्तारी की। जबकि उसके भाइयों और परिजनों को छोड़ दिया गया।