अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
बसपा के पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी के परिवार की गुंडागर्दी पर पुलिस ने शिकंजा कसने की पूरी तैयारी कर ली हैं। याकूब कुरैशी, उसके बेटों व भाई के शस्त्र लाइसेंस निरस्त कराने की रिपोर्ट पुलिस ने डीएम को भेज दी है। वहीं, पुलिस ने हंटरवाली याकूब की बेटी के साथ एमपीजीएस में गुंडागर्दी करने वाले तीन आरोपियों पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई किए जाने की रिपोर्ट डीएम को भेजी है।
याकूब कुरैशी की बेटी आसमां ने दस जुलाई को दर्जनों लोगों को साथ कैंट स्थित एमपीजीएस में हंटर से छात्राओं व शिक्षिकाओं को पीटा था। मामला ठंडा हुआ नहीं कि याकूब के बेटे फिरोज कुरैशी ने कोतवाली की शाहपीरगेट पुलिस चौकी के पास पांच अगस्त को व्यापारी विजय रस्तोगी को पीटा था। दोनों ही मामलों में याकूब के परिवार की गुंडागर्दी सामने आई। शस्त्र लाइसेंस का दुरुपयोग होना बताया गया। एसएसपी के निर्देश पर कोतवाली थाना पुलिस ने याकूब कुरैशी की राइफल (315बोर) व उसके बेटे इमरान की रिवाल्वर (32बोर), फिरोज की रिवाल्वर (32बोर), भाई हाजी अय्यूब कुरैशी की डीबीबीएल व रिवाल्वर (32 बोर) के लाइसेंस निरस्त करने के लिए डीएम को रिपोर्ट भेजी है।
दामाद समेत तीन पर गुंडाएक्ट लगेगी
एसएसपी मंजिल सैनी ने बताया कि एमपीजीएस प्रकरण में याकूब का दामाद शादाब पुत्र नूर इलाही निवासी नीचा सद्दीकनगर, तनवीर आजम पुत्र हिसामुद्दीन निवासी रसीदनगर व शहजाद पुत्र नसीरूद्दीन निवासी विकासपुरी लिसाड़ीगेट मुख्य आरोपी हैं। हंटरवाली याकूब की बेटी आसमां, नौकरानी नरगिस और दामाद शादाब की गिरफ्तारी पर हाईकोर्ट से स्टे है। तीनों आरोपियों पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई करने की रिपोर्ट डीएम को भेजी है।
आज होगी कोर्ट में चार्जशीट दाखिल
इंस्पेक्टर सदर बाजार प्रशांत कपिल का कहना है कि एमपीजीएस प्रकरण में दस लोगों को आरोपी बनाया गया हैं। उनके खिलाफ पुलिस ने चार्जशीट तैयार कर ली है। एएसपी कैंट अंकित मित्तल ने चार्जशीट पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। शनिवार को इस मामले की चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की जाएगी। उसके बाद आरोपियों का वारंट पुलिस कोर्ट से लेगी।
खास बातें
पुलिस ने डीएम को भेजी रिपोर्ट, याकूब, उसके भाई व दोनों बेटों के पास हैं शस्त्र लाइसेंस
एमपीजीएस मामले में याकूब के दामाद समेत तीन पर लगेगा गुंडा एक्ट