मेरठ। शहर सराफा की नील गली में स्थित गणपति मार्केट में सोमवार रात नेपाली चौकीदार ने साथियों के साथ मिलकर दो दुकानों से करीब 22 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। पुलिस के अनुसार यह चौकीदार वारदात के दौरान साथी के साथ सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गया। जिसकी धरपकड़ के लिए नेपाल बॉर्डर उसका फोटो भेजी जा रही है।
मंगलवार सुबह मार्केट खुलने पर चोरी का पता चला तो व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। सूचना पर एसपी सिटी और इंस्पेक्टर देहली गेट के अलावा डॉग स्क्वाएड भी पहुंचा। पुलिस के अनुसार चोरों ने सराफ रामेंद्र दुबलिश की दुकान में शटर के कुंडे तोड़ दिए। लोहे की अलमारी तोड़कर करीब आठ लाख रुपये के सोने के जेवर कब्जे में कर लिए। जबकि सराफ राजेश मलिक की दुकान का शटर उखाड़कर करीब 14 लाख रुपये का सोना और चांदी का सामान चोरी कर लिया। इनके अलावा मार्केट में ही हसन, बिट्टू और महादेव की दुकान में चोरी का असफल प्रयास किया। दोनों सराफ ने अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
‘अरे ये तो अपना बहादुर है’
सोमवार रात 1:01 बजे की इस फुटेज में एक युवक अपना चेहरा छिपाकर सीढ़ियां चढ़ता दिखाई दिया। पीछे से मार्केट का चौकीदार टार्च लेकर आता है। फुटेज में उसका चेहरा देखते ही सराफा व्यापारी चिल्ला उठे कि अरे ये तो रेशम बहादुर है। ऊपर आते ही उसने टॉर्च जेब में रख ली। करीब एक मिनट बाद जीने पर लगे कैमरे पर कपड़ा डाल दिया। मार्केट के दोनों तरफ पन्नी टांग दी। ताकि बाहर से अंदर की गतिविधि नजर ना आएं। मार्केट के जीने की चाबी चौकीदार रेशम बहादुर पर ही रहती थी। उसे मार्केट के व्यापारियों के यहां होने वाली हर गतिविधियों की जानकारी थी। इसलिए उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस डर बैठाए, सराफ कराएं सत्यापन
सराफा व्यापारी नेता दिनेश रस्तौगी ने एसपी सिटी से कहा कि लोहे की अलमारी तोड़ने में वक्त लगता है। जिस तरह चोरों ने शटर उखाड़ा और कुंडे तोड़े, उससे लग रहा है कि उन्हें 3-4 घंटे का वक्त लगा है। साफ है कि चोरों में पुलिस का कोई डर नही है। इसलिए पुलिस को बदमाशों में अपना डर बिठाना होगा। वहीं, एसपी सिटी ने व्यापारियों से कहा कि वह किसी भी नौकर या चौकीदार को रखने से पहले खुद जांच करें और पुलिस से सत्यापन भी कराएं। ऐसा करते तो शायद चौकीदार के सही ठिकाने का पता होता। चौकीदार ब्रह्मपुरी में ओडियन सिनेमा के पास रहता था, जो फरार मिला है। उसकी नेपाल की आईडी भी फर्जी मानी जा रही है। पुलिस चौकीदार के स्थानीय साथियों से पूछताछ कर रही है।
एसपी सिटी मान सिंह चौहान का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज से साफ है कि चौकीदार ने ही ये चोरी की है। स्थानीय ठिकानों पर दबिश में वह फरार मिला है। उसके व्यापारियों को नेपाल की आईडी दी थी। उच्चाधिकारियों से वार्ता उसका फोटो नेपाल बॉर्डर पर पहुंचाया जा रहा है, ताकि वह नेपाल न भाग सके।
खास बात
- गणपति मार्केट में सोमवार रात दो दुकानों में वारदात, व्यापारियों में आक्रोश
- मार्केट का नेपाली चौकीदार साथी सहित सीसीटीवी फुटेज में कैद मिला, फरार