मेरठ। रूबीना हत्याकांड का पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर दिया। संदेह के घेरे में चल रहे पति अरशद और उसके एक साथी को हत्या में गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी पति की निशानदेही पर रूबीना का मोबाइल, दुपट्टा व हत्या में प्रयुक्त खून से सनी हुई ईंट भी बरामद कर ली। दोनों आरोपी जेल भेज दिए गए।
एसएसपी राजेश कुमार पांडेय ने प्रेसवार्ता में बताया कि चार दिन पहले गढ़ रोड स्थित काली नदी में एक महिला का शव मिला था। शिनाख्त दस घंटे बाद रूबीना पत्नी अरशद निवासी लिसाड़ी गेट के रूप में हुई थी। अरशद ने रूबीना के भाइयों पर हत्या करने का आरोप लगाकर तहरीर दी थी। जिस पर रूबीना के भाई ने भी अरशद पर हत्या का आरोप लगाकर तहरीर दी थी। पुलिस ने शुक्रवार को अरशद व उसके दोस्त इरफान को गिरफ्तार कर लिया।
प्रेसवार्ता में आरोपी अरशद ने बताया कि उसे पत्नी पर शक था। ससुराल वालों ने उसे सास की हत्या में पांच साल पहले गलत जेल भिजवाया था। जिस पर उसने पत्नी की हत्या कर उसके ही भाइयों को फंसाने का प्लान बनाया था। रूबीना की हत्या उसने घर में की और फिर अपने दोस्त इरफान के साथ शव को टेंपो में लेकर काली नदी में फेंककर आए थे। रूबीना का मोबाइल साले के घर पर फेंका था, ताकि वह फंस जाए।
प्यार किया तो जेल से छूटा था अरशद
पुलिस ने बताया कि रूबीना व अरशद के बीच 12 साल से प्रेम प्रसंग था। शादी नहीं हुई और रूबीना ने बेटे को जन्म दिया। अरशद और रूबीना में विवाद हो गया, जिसके चलते दोनों अलग-अलग रहने लगे। पांच साल पूर्व सास की हत्या के मामले मेें अरशद जेल गया। दो साल बाद जेल से जमानत पर अरशद आया तो उसने रूबीना से संपर्क किया। रूबीना ने अरशद से शादी कर ससुराल वालों से सास की हत्या में समझौता लिखवा लिया। अब रूबीना की हत्या कर उसके तीनों मकान और बैंक में रखे पैसों पर कब्जा करने का प्लान बनाया था।
खास बातें:
- घर में की थी रूबीना की हत्या, टेंपो से ले जाकर नदी में फेंका था शव
- पत्नी पर था शक, आरोपी की निशानदेही पर खून से सनी ईंट बरामद