मेरठ। थापरनगर में रविवार शाम स्पोर्ट्स कारोबारी के बेटे ने कार को अंधाधुंध दौड़ा दिया। कार ने दो कारों और तीन बाइकों में टक्कर मारी। इस दौरान जहां आधा दर्जन लोग चोटिल हो गए तो एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सदर पुलिस ने आरोपी कार चालक को पकड़कर थाने भेज दिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी कार चालक नाबालिग है। सूरजकुंड निवासी स्पोर्ट्स कारोबारी का किशोर पुत्र वरना गाड़ी से अपने चाचा के यहां जा रहा था। थापर नगर में गुरुद्वारा रोड के कट पर तेज रफ्तार कार ने पहले एक बाइक में टक्कर मारी। उसके बाद रास्ते में खड़े गुड्डू नाम के युवक को चपेट में ले लिया। आरोपी ने बताया कि एक बाइक को बचाने के चक्कर में वह नर्वस हो गया था, उसने जानबूझकर किसी को टक्कर नहीं मारी। वहीं, पुलिस तहरीर के आने के बाद कार्रवाई की बात कर रही है।
उधर, माधवपुरम के पास रविवार शाम तेज रफ्तार जुगाड़ वाहन ने स्कूटर में टक्कर मार दी। हादसे में दवा व्यापारी मुकेश निवासी खत्ता रोड और शैलेंद्र घायल हो गए। पीड़ित पक्ष के लोगों ने आरोपी पर कार्रवाई की मांग को लेकर ब्रह्मपुरी थाने में हंगामा कर दिया। आरोप लगाया कि जुगाड़ वाहन दूसरे समुदाय का युवक चला रहा था। पुलिस ने जान बूझकर तहरीर नहीं ली और दो घंटे तक पीड़ित लोगों को थाने में बैठाए रखा।